scriptलोकसभा चुनाव परिणाम में दिखी राजस्थान के ‘दिग्गज’ नेताओं की परफॉर्मेंस, जानें कौन रहा टॉप, कौन फिसड्डी? | lok sabha election result 2024 bhajanlal diya kumari ashok gehlot here to know the overall performance | Patrika News
जयपुर

लोकसभा चुनाव परिणाम में दिखी राजस्थान के ‘दिग्गज’ नेताओं की परफॉर्मेंस, जानें कौन रहा टॉप, कौन फिसड्डी?

RJ Lok Sabha Result 2024 : लोकसभा चुनाव में भाजपा के मंत्रियों, बड़े नेता, पूर्व मुख्यमंत्रियों और कांग्रेस के बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा भी दांव पर रही।

जयपुरJun 05, 2024 / 08:31 am

Supriya Rani

जयपुर. लोकसभा चुनाव में भाजपा के मंत्रियों, बड़े नेता, पूर्व मुख्यमंत्रियों और कांग्रेस के बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा भी दांव पर रही। प्रदेश सरकार में मंत्री किरोड़ीलाल मीना, मंजू बाघमार, सुमित गोदारा, जवाहर सिंह बेढम और केके विश्नोई के विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की विधानसभा सीट सांगानेर पर भाजपा प्रत्याशी को बड़ी बढ़त मिली। उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा की विधानसभा सीट पर भी भाजपा ने बढ़त हासिल की। हालांकि, अधिकांश मंत्रियों की विधानसभा सीट पर खुद के मुकाबले कम वोट मिले। वहीं, पूर्व सीएम अशोक गहलोत के विधानसभा क्षेत्र सरदारपुरा में कांग्रेस नहीं जीत पाई। यहां भाजपा प्रत्याशी को 15181 वोट से जीत मिली।

1- भजनलाल शर्मा, मुख्यमंत्री
सीएम भजनलाल शर्मा ने सांगानेर विधानसभा सीट से 48081 वोट से जीत हासिल की। यहीं से भाजपा प्रत्याशी को प्रतिद्वंद्वी से 108006 वोट ज्यादा दिलाने में कामयाब हुए।

2- दिया कुमारी, उप मुख्यमंत्री
विद्याधर नगर सीट से 71368 वोट से जीतीं, जबकि जयपुर शहर सांसद प्रत्याशी को इसी सीट से 98510 वोट से लीड मिली। दिया कुमारी की सक्रियता भी काम आई।
3- प्रेमचंद बैरवा, उपमुख्यमंत्री
दूदू विस. सीट से 35743 वोट अंतर से जीत हासिल की, यहां से भाजपा प्रत्याशी को 26916 वोट से लीड मिली।

4. हीरालाल नागर, ऊर्जा राज्य मंत्री
विधानसभा सीट सांगोद से प्रतिद्वंद्वी से 25586 ज्यादा वोट हासिल किए, लेकिन लोकसभा चुनाव में 20265 वोट कम मिले।
5- किरोड़ीलाल मीना, कृषि मंत्री
सवाईमाधोपुर सीट से 22510 वोट से जीते, जबकि सांसद प्रत्याशी को 28771 वोट कम मिल सके। सभाओं में भीड़ खूब उमड़ी, लेकिन अपेक्षित वोट में तब्दील नहीं हो पाई।

6- गजेन्द्र सिंह खींवसर, चिकित्सा मंत्री
-लोहावट सीट से 10549 मत से जीत हासिल की, लेकिन अब भाजपा प्रत्याशी को मिले वोट का अंतर 4193 कम हो गया।
7- मदन दिलावर, शिक्षा मंत्री
विधानसभा चुनाव में रामगंज मंडी सीट से खुद ने प्रतिद्वंद्वी से 18422 वोट ज्यादा हासिल किए, लेकिन लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी को प्रतिद्वंद्वी से 8470 वोट ही ज्यादा दिला पाए।
8- संजय शर्मा, वन मंत्री
अलवर शहर सीट से केवल 9087 वोट से जीते, जबकि भाजपा के सांसद प्रत्याशी ने इसी विधानसभा सीट से प्रतिद्वंद्वी से 52523 वोट हासिल किए।

9- जोगाराम पटेल, विधि एवं न्याय मंत्री
लूणी विधानसभा सीट से 24678 वोट से जीते। लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को 34875 प्रतिद्वंद्वी से ज्यादा वोट मिले। पटेल प्रत्याशी के साथ लगातार सक्रिय रहे।
10- हेमंत मीना, राजस्व मंत्री
प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्र से मंत्री 25109 वोट से जीते थे और सांसद प्रत्याशी को यहां प्रतिद्वंद्वी से 51158 ज्यादा वोट मिले।

11- गौतम दक, सहकारिता मंत्री
बड़ीसादड़ी विस. क्षेत्र से 11832 वोट से जीते और इसी सीट से सांसद प्रत्याशी को 52540 वोट की बड़ी लीड़ मिली है।
12- कन्हैयालाल चाैधरी, जलदाय मंत्री मालपुरा सीट 16189 मत से जीती थी और यहीं से सांसद प्रत्याशी को प्रतिद्वंद्वी से 33343 ज्यादा वोट मिले।

13- बाबूलाल खराड़ी, मंत्री
झाड़ोल विधानसभा में 6488 वोट से सीट जीती और भाजपा सांसद प्रत्याशी ने 4790 ज्यादा वोट लिए।
14- झाबर सिंह खर्रा, नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री
श्रीमाधोपुर विस. सीट 14459 से जीती और यहीं से भाजपा प्रत्याशी ने 14276 ज्यादा वोट हासिल किए।

15- राज्यवर्धन सिंह राठौड़, उद्योग मंत्री
झोटवाड़ा विस. सीट को 50167 वोट से जीती और भाजपा प्रत्याशी को यहीं से 80684 वोट ज्यादा मिले।
16- मंजू बाघमार, मंत्री
जायल विस. सीट केवल 1565 वोट से जीतीं। यहीं से प्रतिद्वन्दी पार्टी के सांसद प्रत्याशी 10484 ज्यादा वोट हासिल करने में कामयाब हुए।

17- विजय सिंह चौधरी, मंत्री
नावां विधानसभा सीट 23948 मत से जीती, यहीं से भाजपा प्रत्याशी को 22625 वोट की लीड मिली।
18- सुरेश रावत, जल संसाधन मंत्री
पुष्कर विस. सीट से 13869 वोट से जीत मिली। इसी सीट से भाजपा प्रत्याशी को 43536 वोट से लीड मिली।

19- जोराराम कुमावत, मंत्री
सुमेरपुर विस. सीट को 27382 से जीती, यहां से भाजपा सांसद प्रत्याशी को 43663 वोट से लीड मिली।
20- ओटाराम देवासी, मंत्री
सिरोही विस. सीट को 35805 मत से जीता और यहीं से भाजपा प्रत्याशी को 38191 ज्यादा वोट मिले।

21- सुमित गोदारा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री
लूणकरनसर विस. सीट पर 8869 वोट से जीत हासिल की, लेकिन यहीं से कांग्रेस प्रत्याशी को 2456 वोट ज्यादा मिले।

इन बड़े नेताओं के विधानसभा सीट पर स्थिति

वसुंधरा राजे, पूर्व मुख्यमंत्री व विधायक- झालरापाटन विधानसभा सीट 53193 वोट से जीती थी। लोकसभा चुनाव में बेटे दुष्यंत को 72160 वोट ज्यादा मिले। वसुन्धरा राजे लगातार यहीं सक्रिय रही।
अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री- गहलोत ने सरदारपुरा सीट से 26396 वोट से जीती थी। लोकसभा में उलटा हुआ, भाजपा उम्मीदवार को 15181 वोट ज्यादा मिले। विधानसभा क्षेत्र में सभाएं की, लेकिन ज्यादा समय बेटे की सीट जालोर पर बीता।
सचिन पायलट, विधायक- टोंक वि.स. क्षेत्र से 29475 वोट से जीते, लेकिन कांग्रेसी सांसद प्रत्याशी को 4524 वोट की ही लीड़ दिला पाए।

गोविन्द सिंह डोटासरा, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष- लक्ष्मणगढ़ विधानसभा सीट को 18970 वोट से जीती और गंठबंधन में दी गई सीट पर प्रत्याशी को 13165 वोट ज्यादा मिले।
टीकाराम जूली, नेता प्रतिपक्ष- विधानसभा चुनाव में अलवर ग्रामीण सीट को 27333 वोट से जीते और यहीं से सांसद प्रत्याशी को 15513 वोट दिला पाए।

यह भी पढ़ें

25 सीटों वाले ‘राजस्थान’ में अपनों से हारी भाजपा, एकजुटता से जीती कांग्रेस; जानें सीटवार हार-जीत का गणित

Hindi News/ Jaipur / लोकसभा चुनाव परिणाम में दिखी राजस्थान के ‘दिग्गज’ नेताओं की परफॉर्मेंस, जानें कौन रहा टॉप, कौन फिसड्डी?

ट्रेंडिंग वीडियो