जयपुर। शहीद मेजर आलोक माथुर की 54वी जयन्ती पर शहीद मेजर आलोक माथुर सेना मेडल मेमोरियल समिति की ओर से अमर जवान ज्योति पर देश भक्ति गीतों की संध्या, शहीद परिजनों का सम्मान तथा प्रतिभाओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत जय हिन्द और वन्देमातरम के जोशीले नारो के साथ हुई। कार्यक्रम में जागृति विद्यालय, शहीद मेजर आलोक माथुर सीनियर सैकण्डरी स्कूल तथा अन्य स्कूल के विद्याथियों ने देशभक्ति गीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी । छात्राओं ने देश भक्ति गीतों की प्रस्तुति से सबको मंत्र मुग्ध कर दिया।
समिति के सचिव मुकेश दत्त माथुर ने अपने भाषण में शहीद मेजर आलोक माथुर सेना मेडल मेमोरियल समिति की गतिविधियों पर प्रकाश डाला उन्होंने बताया बहादुर आलोक माथुर ने जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा, अफगानिस्तान व अरुणाचल प्रदेश में नियुक्ति के दौरान यूनिट में कुशल नेतृत्व कर साहस का परिचय दिया। वह अद्भुत शौर्य की क्षमता रखने वाला जाबांज बेटा था। आलोक ने देश के लिए कुर्बानी देकर देश का नाम ऊंचा किया है।
समारोह में मुख्य अतिथि रिटायर्ड मेजर जनरल अनुज माथुर तथा मंजू शर्मा विप्र कल्याण बोर्ड की उपाध्यक्ष ने शहीद मेजर आलोक माथुर को पुष्पांजलि अर्पित की तथा शहीद परिजनों के परिवारों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में दसवीं व बाहरवीं कक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं व अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त करने वाली प्रतिभाओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।