
जयपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राजस्थान के दो दिवसीय दौरे पर आज सुबह जयपुर पहुंच गईं। भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से जयपुर एयरपोर्ट के स्टेट हैंगर पहुंचने पर राज्यपाल कलराज मिश्र और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उनका स्वागत किया। इस दौरान मुख्य सचिव ऊषा शर्मा और डीजीपी उमेश मिश्रा भी मौजूद रहे। स्टेट हैंगर पर ही राष्ट्रपति को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू वर्ष 2023 में पहली बार जयपुर आई हैं। यहां पहुंचकर उन्होंने राजभवन में नवनिर्मित संविधान उद्यान और उससे जुड़े सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण किया है। लोकार्पण से पहले उन्होंने मोर स्तंभ, ध्वज स्तंभ, गांधी प्रतिमा और महाराणा प्रताप की विश्राम मुद्रा में उनके घोड़े चेतक के साथ प्रतिमा का अवलोकन किया। इस नए संविधान उद्यान में बहुत सी खूबियां हैं।
संविधान पार्क की खूबियां
- 9 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से हुआ है निर्माण
- पैदल मार्ग के दोनों ओर लगी हैं मूर्तियां और शिलालेख
- सप्ताह में दो दिन आम लोगों व पर्यटकों को दी जाएगी एंट्री
- 50-50 स्लॉट में विजिट कराने की व्यवस्था
- दर्शकों को ऑडियो-विजुअल माध्यम से दी जाएगी जानकारी
- संविधान की जानकारी को विभिन्न भागों में किया गया है विभाजित
- संविधान निर्माण में योगदान देने वाले व्यक्तियों की लगी हैं प्रतिमाएं
- उनके योगदान, संरचना और संविधान के मूल्यों को शिलाओं पर उकेरा गया
- चरखा चलाने वाली गन मेटल से बनी महात्मा गांधी की 10 बाई 12 फीट की प्रतिमा की गई है स्थापित
- महाराणा प्रताप और उनके प्रिय घोड़े चेतक की संगमरमर की मूर्ति भी है स्थापित
26 जनवरी 2022 को हुआ शिलान्यास
राज्यपाल कलराज मिश्र की अभिनव पहल पर राजस्थान देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जहां आमजन में संवैधानिक जागरुकता लाने के लिए राजभवन में संविधान उद्यान स्थापित किया गया है। गौरतलब है कि राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने 26 जनवरी, 2022 को राजभवन में संविधान उद्यान का शिलान्यास किया था।
Published on:
03 Jan 2023 01:11 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
