scriptराजस्थान: निकाय और उप चुनावों को लेकर भाजपा मुख्यालय में बैठक, तैयार की यह खास रणनीति | Rajasthan Bjp meeting Local Body Elections and by-election | Patrika News
जयपुर

राजस्थान: निकाय और उप चुनावों को लेकर भाजपा मुख्यालय में बैठक, तैयार की यह खास रणनीति

निकाय और उप चुनावों की रणनीति के साथ ही गांधी जयंती के कार्यक्रमों को लेकर शनिवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर सांसदों और पदाधिकारियों की बैठक हुई।

जयपुरSep 21, 2019 / 09:16 pm

Kamlesh Sharma

rajasthan bjp
उमेश शर्मा/जयपुर। निकाय और उप चुनावों की रणनीति के साथ ही गांधी जयंती के कार्यक्रमों को लेकर शनिवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर सांसदों और पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए केंद्र सरकार के क्रांतिकारी फैसलों के संबंध में बताया। साथ ही गांधी जयंती के उपलक्ष्य में निकलने वाली गांधी संकल्प यात्रा पर चर्चा की। हालांकि बैठक में 15 सांसद नदारद रहे जो चर्चा का विषय रहा।
बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि 2 अक्टबर को गांधी संकल्प यात्रा शुरू होगी, जो 31 अक्टूबर तक चलेगी। इस संकल्प यात्रा के दौरान गांधीयन थॉट को कैसे जन-जन तक पहुंचाएं यह बड़ा विषय रहेगा। पार्टी ने तय किया है कि पूरे देश में 3229 एमपी, एमएलए, जिला प्रमुख, राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारी पार्टी के हैं।
ये सब लोग पदयात्रा में सम्मिलत होंगे। सांसद और जिलाध्यक्षों के नेतृत्व में यात्रा के दौरान रोजाना कम से कम 5 किमी पैदल चलना होगा। इसमें 10 किमी भी चल सकते हैं। गांधी 150 कार्यक्रम के तहत यात्रा के दौरान 150 पेड़ लगाना, खादी का प्रयोग, स्व्च्छता, सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग बंद करना जैसे काम भी होंगे।
मोदी के काम बूथ स्तर तक ले जाएंगे
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि मोदी सरकार दो ने कई एेतिहासिक निर्णय किए हैं। इन निर्णयों को बूथ स्तर पर पहुंचाया जाएगा। गांधी जयंती के दौरान कई काम होंगे। 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर पार्टी ने तय किया है कि प्रत्येक बूथ पर 6 विशेष कार्यक्रम होंगे, जिनमें से एक कार्यक्रम होगा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती का होगा।
मोदी के काम को जनता के बीच लेकर जाएंगे
मेघवाल ने कहा कि अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए 6 बार पैकेज घोषित किए हैं। उनका हम संकलन करके जनता तक पहुंचाएंगे। कॉरपोरेट टैक्स में 10 प्रतिशत की कमी सहित 145 लाख करोड़ की प्रतिवर्ष दी गई रियायत के संबंध में जनता को बताया जाएगा। इसके अलावा देश में 200 स्थानों पर बैंकों के माध्यम से लोन दिलाया जाएगा। प्रयास रहेगा कि नए लोगों को ज्यादा से ज्यादा लोन मिले।
नियम कायदे तोड़ रही है सरकार
उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी येन केन प्रकारेण 52 स्थानों पर कब्जा करने के लिए सारे नियम कायदे तोड़ रही है। वार्डो के पुनर्गठन में जल्दबाजी की गई। भारत सरकार से मिलने वाली योजनाओं की राशि भी राजस्थान की सरकार जनता को नहीं दे रही है। अब चुनाव देखकर राशि जारी करना शुरू किया है।
ये सांसद बैठक से नदारद
दीया कुमारी, राज्यवर्धन, गजेंद्र सिंह, निहालचंद मेघवाल, पीपी चौधरी, अर्जुन लाल मीणा, हर्षवर्धन सिंह, किरोड़ी लाल मीणा, ओम माथुर, बाबा बालकनाथ, के जे अल्फोंस, विजय गोयल, भूपेंद्र यादव, सुभाष बहेडि़या अनुपस्थित रहे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो