
जयपुर में दो थानेदार निलंबित, रात 8 बजे बाद शराब दुकान सख्ती से बंद करवाने के निर्देश
जयपुर। पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने राजधानी में अवैध जहरीली नकली शराब फैक्ट्री मिलने के मामले में सांगानेर सदर थानाधिकारी बृज मोहन कविया व शिवदासपुरा थानाधिकारी मांगीलाल बिश्नोई को सोमवार को निलम्बित कर दिया। जबकि रविवार को पुलिस कमिश्नर आनंद श्रीवास्तव के निर्देश पर डीसीपी योगेश गोयल ने इसी मामले में चार बीट कांस्टेबल राजेश, प्रदीप, सुंदर व मनमोहन को निलम्बित किया था। दोनों थानाधिकारियों का निलम्बित अवधि के दौरान मुख्यालय पुलिस आयुक्तालय की चांदपोल पुलिस लाइन रहेगा।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर डीजीपी मिश्रा ने रात 8 बजे बाद शराब विक्री पर सख्ती से रोक लगा रखी थी। लेकिन कमिश्नरेट में चौबीस घंटे अवैध शराब बनाने की दो फैक्ट्री संचालित हो रही थी। डीजीपी मिश्रा ने इसे गंभीरता लिया और दोनों थानाधिकारियों को निलम्बित किया। दोनों थानाधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
चार दिन रिमांड पर भेजा
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अजयपाल लांबा ने बताया कि अवैध शराब बनाते गिरफ्तार किए गए रायसर निवासी भींवाराम मीणा व रोशन मीणा, अलवर के बडौदा निवासी कैलाश मीणा, कुशलपुरा निवासी मनोज कुमार मीणा, आमेर के सायवाड़ निवासी मूलचंद मीणा, सीकर के खंडेला निवासी अशोक कुमार मीणा, कुशलपुरा निवासी विजय कुमार मीणा, श्रीमाधोपुर निवासी सुशील मीणा, शाहपुरा निवासी राज कुमार मीणा व सीकर के मुण्डरू निवासी सोहन लाल मीणा को सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा है।
मुख्य आरोपित पकड़े जाएं तो खुलेंगे कई राज
मुख्य आरोपित अशोक चौधरी व रवि बालोत मीणा के पकड़े जाने के बाद स्प्रिट और अन्य सामग्री उपलब्ध करवाने के संबंध में अन्य लोगों की भूमिका का पता चल सकेगा। पुलिस ने रविवार को भारी मात्रा में दो शराब फैक्ट्री व दो गोदाम से भारी मात्रा में अवैध जहरीली नकली शराब व कच्ची सामग्री बरामद की थी। आरोपित स्प्रिट और पानी से अवैध शराब बनाकर बेच रहे थे।
Published on:
23 Jan 2023 07:46 pm

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
