Fake Notes: जयपुर ग्रामीण के अमरसर में नाकाबंदी के दौरान मोटर साइकिल सवार युवक को जाली नोटों के साथ पुलिस ने पकड़ा है। युवक से 4 लाख 3 हजार के जाली नोट जब्त किए हैं।
Fake Notes: शाहपुरा-अमरसर-बिलांदरपुर: जयपुर एसओजी और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गुरुवार को अमरसर थाना क्षेत्र में करीरी स्थित सती माता मंदिर के पास नाकाबंदी के दौरान मोटर साइकिल सवार युवक को जाली नोटों के साथ पकड़ा है। पुलिस ने युवक से 4 लाख 3 हजार के जाली नोट जब्त किए हैं।
बता दें कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। क्षेत्र में जाली नोट मिलने की तीन महीने में यह दूसरी बड़ी घटना है। जयपुर ग्रामीण एसपी आनंद शर्मा ने बताया कि एसओजी टीम को सूचना मिली थी कि अमरसर थाना इलाके में जाली नोटों की सप्लाई हो रही है। इस पर अमरसर थाना प्रभारी अरुण सिंह, एसओजी टीम जयपुर और डीएसटी टीम जयपुर ग्रामीण का गठन किया गया। पुलिस टीम ने जाली नोटों की सप्लाई की पुख्ता सूचना पर थाना क्षेत्र के सती माता मंदिर करीरी के पास नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान श्याम मोहल्ला बिलान्दरपुर निवासी रघुविंद्र सिंह उर्फ राघवेंद्र सिंह उर्फ भीम सिंह पुत्र खेम सिंह राजपूत को पकड़ा। उसके पास भारी मात्रा में जाली नोट बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। अमरसर थाना प्रभारी अरूण सिंह ने बताया कि आरोपी के पास और उसके घर की तलाशी में 500-500 के 806 जाली नोट बरामद हुए हैं। आरोपी जाली नोट कहां और किसे सप्लाई करने वाला था, आदि की पुलिस गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस ने धानोता गांव से ही 15 मार्च को बिलांदरपुर निवासी सचिन यादव और उसके सहयोगी सुरेंद्र सैन निवासी नांगल कोजू को एक लाख पांच हजार रुपए के नकली नोट, नोट बनाने वाली मशीन और अन्य सामान के साथ गिरफ्तार किया था।
जाली नोट के मामले में गिरफ्तार राघवेन्द्र सिंह बिलान्दरपुर गांव में दूध इकट्ठा करता है। यहां से वह गांव में सप्लाई के साथ जयपुर भी दूध भिजवाता है। उसके परिवार के लोग भी दूध सप्लाई का काम करते हैं।