वीडियो टोंक रोड स्थित पेट्रोल पंप का बताया जा रहा है। रूसी महिला के साथ उसका दोस्त बाइक पर यात्रा करने निकला था। जयपुर में पेट्रोल पंप पर रूके। तभी पेट्रोल पंप कर्मचारी ने रूसी महिला को तीन बार कथित तौर पर टच किया। इसका महिला ने विरोध किया
रूसी महिला ने पेट्रोल पंप कर्मचारी की हरकत का विरोध किया तो कर्मचारी माफी मांगने लगा। पेट्रोल पंप के मैनेजर ने भी कर्मचारी से माफी मंगवाकर कर मामला रफा दफा करना चाहा। वायरल वीडियो में यह सुनाई भी दे रहा है। महिला के दोस्त ने पुलिस कन्ट्रोल रूम में संपर्क किया, लेकिन नंबर नहीं लगा। बाद में पुलिस से संपर्क किया और मौके पर बुला लिया। पीसीआर मौके पर पहुंची, जिसमें दो कांस्टेबल ड्यूटी पर थे। पुलिसकर्मियों ने कर्मचारी से कान पकड़कर रूसी महिला से माफी मंगवाई।
रूसी महिला का कहना था कि क्या वह किसी अन्य महिला से भी इसी तरह की हरकत करेगा। वीडियो में महिला पुलिस को कहते हुए सुनाई दे रही है कि कर्मचारी को ऐसी हरकत नहीं करने के लिए चेतावनी दे। पुलिसकर्मियों ने कर्मचारी को ऐसी हरकत फिर से नहीं करने के लिए चेताया। कर्मचारी का नाम व पता भी नोट किया। लेकिन रूसी महिला के शिकायत नहीं देने पर उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया।