4 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दस हजार की घूस लेते दो खाद्य सुरक्षा अधिकारी गिरफ्तार

- किराणा व्यापारी से अवधिपार सामग्री बेचने का आरोप लगा मांगी रिश्वत

2 min read
Google source verification
दस हजार की घूस लेते दो खाद्य सुरक्षा अधिकारी गिरफ्तार

दस हजार की घूस लेते दो खाद्य सुरक्षा अधिकारी गिरफ्तार

चित्तौडगढ़़. किराणा व्यापारी पर अवधि पार सामग्री बेचने का आरोप लगाकर दस हजार रुपए की घूस लेते चित्तौडगढ़़ के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के दो खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को बुधवार को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो भीलवाड़ा की टीम ने की। ब्यूरो भीलवाड़ा द्वितीय के एएसपी ब्रजराजसिंह चारण ने बताया कि चित्तौडगढ़़ के पंचवटी इलाके में परिवादी अशरफ हुसैन उर्फ सोनू ने मंगलवार को सीएमएचओ कार्यालय में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश टिंकर व सुनील गर्ग के खिलाफ शिकायत पेश की। शिकायत में बताया गया कि 24 मई को राजेश व सुनील उसकी दुकान सोनू एंटरप्राइजेज पर आए और अवधि पार खाद्य सामग्री बेचने का आरोप लगा केस बनाने की बात कही। आरोपियों ने केस नहीं बनाने व खाद्य सामग्री के नमूने नहीं लेने के एवज में दस हजार रुपए मांगे। ब्यूरो के सीआइ शिवप्रकाश के नेतृत्व में टीम ने बुधवार को चित्तौडगढ़़ पहुंचकर सीएमएचओ कार्यालय राजेश व सुनील को दस हजार रुपए की रिश्वत लेते धरबोचा।

सहकारी समिति का सचिव 3 हजार की घूस लेते गिरफ्तार

बारां/अटरू. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बुधवार दोपहर अटरू तहसील के पीपलोद गांव की ग्राम सेवा सहकारी समिति के सचिव राहुल सुमन को घूस लेते गिरफ्तार किया है। सुमन ने फसली ऋण स्वीकृत करने के लिए तीन हजार रुपए की रिश्वत ली थी। एसीबी बारां चौकी सीआई ज्ञानचन्द मीणा ने बताया कि परिवादी ओम प्रकाश मेहर निवासी पीपलोद के पिता रामस्वरूप मेहर ने गत 7 सितम्बर 2019 को ग्राम सेवा सहकारी समिति से फसली ऋण लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। सचिव ने ऋण स्वीकृत करने के लिए तीन हजार रुपए की रिश्वत मांगी।

ऐसे पकड़ा गया

परिवादी ओमप्रकाश मेहर ने 18 मई को एसीबी चौकी बारां पर इसकी लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के सत्यापन के बाद बुधवार को ट्रेप बिछाया गया। आरोपी ने परिवादी को रिश्वत राशि लेकर अटरू स्थित केन्द्रीय सहकारी बैंक में बुलाया था, लेकिन रिश्वत राशि लेने के लिए वह बैंक से बाहर आ गया तथा बैंक के गेट पर ही राशि जेब में रख ली। इसी दौरान परिवादी का इशारा मिलते ही एसीबी टीम ने उसे धर दबोचा।

कैमरों में कैद हुई कार्रवाई

एसीबी टीम ने रंगे हाथों धर दबोचने के बाद आरोपी की पेन्ट की जेब से रिश्वत की राशि बरामद की। रिश्वत लेने व एसीबी की कार्रवाई बैंक में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।