script‘मरुधरा’ राजस्थान आया बर्फानी सर्दी की चपेट में, घने कोहरे और शीतलहर ने लगाया जनजीवन पर ब्रेक | Winters in Rajasthan Cold wave Fog and Low Temperature Freeze the Raj | Patrika News
जयपुर

‘मरुधरा’ राजस्थान आया बर्फानी सर्दी की चपेट में, घने कोहरे और शीतलहर ने लगाया जनजीवन पर ब्रेक

राजस्थान में सर्दी के तीखे रहे तेवर, गलन और ठिठुरन हुई महसूस, कोहरे से थमी वाहनों की रफ्तार, जनजीवन हुआ प्रभावित।
 

जयपुरJan 06, 2018 / 01:13 pm

rajesh walia

Winters in Rajasthan Cold wave, Fog and Low Temperature Freeze the Rajasthan
जयपुर। राजस्थान में कड़ाके की सर्दी से सामान्य जन जीवन प्रभावित हो रहा है। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में रात का तापमान सामान्य से कम बने रहने से सर्दी के तेवर तीखे रहे हैं। फतेहपुर शेखावाटी और अलवर में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। आज सुबह सीकर के फतेहपुर में घना कोहरा छाने से जनजीवन प्रभावित रहा और कस्बे के लोग सुबह देर तक घरों में दुबके रहे। वहीं श्रीगंगानगर, जैसलमेर , उदयपुर , चुरु और बीकानेर में हाड़कंपकंपाती सर्दी के साथ ही घने कोहरे का कहर जारी है। राष्ट्रीय राजमार्गों की बात करें तो कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार थम गई है। कस्बे में बीती रात के तापमान में पारा 0.4 डिग्री बढ़कर 3.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले चौबीस घंटे में प्रदेश के उत्तर पूर्वी इलाकों में रात का तापमान सामान्य से कम रहने पर कड़ाके की सर्दी का दौर जारी रहने की संभावना है। राजधानी में आज सुबह सर्दी के तेवर तीखे रहे। गलन और ठिठुरन महसूस हुई जिसके चलते शहर में सुबह सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम रही। हालांकि बीती रात तापमान में आंशिक बढ़ोतरी हुई लेकिन फिर भी सर्दी के तीखे तेवरों से राहत नहीं मिली। शहर के बाहरी इलाकों में आज सुबह हल्का कोहरा छाया रहा है। शहर में आज सुबह छह बजे दिन का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार शहर में अगले चौबीस घंटे में रात में पारा सामान्य से कम रहने व दिन में तेज रफ्तार से हवाएं चलने पर सर्दी के तेवर तीखे बने रहने की संभावना है।
राजस्थान में अब भी जारी है कड़ाके की ठंड और कोहरे का कहर

बीकानेर –

बीकानेर में फैली कोहरे की चादर की वजह से सुबह से ही आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह के 9 बजे तक भी लोगो घरो में दुबके रहे।सुबह का स्वागत कोहरे ने अपने अंदाज में किया। ठंड की दस्तक के बीच सुबह ज्यादातर वाहनों को हेडलाइट जलाकर ही निकलना पड़ा। वहीं कोहरे के साथ चली सर्द हवाओं ने ठंड का एहसास करा दिया है।
फतेहपुर –

क्षेत्र में लगातार सर्दी का दौर बना हुआ है। तीन दिन लगातार तापमान माइनस में रहने के दो दिन से तापमान में तो उछाल आया हैं लेकिन सर्दी का दौर बना हुआ है। शनिवार को घना कोहरा छाया रहा। 10 मीटर दूर भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। हाइवे पर रोजाना की तरह वाहन नहीं दिखाई दिए। जो वाहन चल रहे हैं वो भी लाइट जलाकर चल रहे हैं। यात्री भी बसों का इंतजार करते रहे व अलाव का सहारा लेते रहे। शनिवार को तापमान 3.8 डिग्री दर्ज हुआ।
जैसलमेर –

एक बार फिर जैसलमेर में सर्दी का अहसास होने लगा। शुक्रवार को दिन की शुरुआत में छाए कोहरे से जैसलमेर लिपटा रहा। धूप का असर कम रहा और सर्दी बढ़ गई। दिन की शुरूआत में जहां तेज सर्दी का अहसास हुआ, वहीं दोपहर में भी सर्द हवाओं के चलते सर्दी का असर कम नहीं हो पाया। शाम को सूर्यास्त के बाद फिर से सर्दी बढ़ गई और लोगों को घरों में दुबकना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में 7.3 डिग्री व अधिकतम तापमान में 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।
उदयपुर –

उदयपुर शहर में अलसुबह वातावरण में कोहरा छाया रहा। वहीं बाग-बगीचों में सुबह सुबह बर्फ की परत जमने लगी है। लोग सुबह अपने घरों में दुबके रहे।

श्रीगंगानगर –

मिर्जेवाला (श्रीगंगानगर) इलाके में कड़ाके की ठंड और कोहरे का कहर जारी है। कड़ाके की ठंड ने धुजणी छुड़ा दी है। कोहरे से जनजीवन प्रभावित हुआ है। लोग बाग घरों में ही दुबके रहते हैं। इस से यातायात प्रभावित हुआ है खेतों से भी पानी टपकने लगा है। ठंड के कारण गांव की गलियां ऐसे दिख रही है जैसे कर्फ्यू लगा हो ठंड अधिक गिरने से लोग बीमार भी अधिक हो रहे हैं।
चुरु –

पूरा जिला कोहरे के आगोश में है। कोहरे के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। वाहन चालकों को हेड लाइट जलाकर चलनी पड़ रही है। इतना घना कोहरा है कि रोड पर सब मीटर भी नहीं दिखाई दे रहा। ट्रक चालक और बस चालक जगह जगह खड़े हैं वहीं लोग दुकानों के आसपास अलाव जलाकर सहारा लेते देखे जा रहे है। लोग रजाई में दुबके हुए हैं।

Home / Jaipur / ‘मरुधरा’ राजस्थान आया बर्फानी सर्दी की चपेट में, घने कोहरे और शीतलहर ने लगाया जनजीवन पर ब्रेक

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो