जैसलमेर

weather report : पोकरण में गर्मी, नोख में आंधी के बाद बूंदाबांदी, मदासर में गिरे पोल

पोकरण में शुक्रवार रात 34 एमएम बारिश हुई। इसके बाद शनिवार को दिनभर भीषण गर्मी व उमस का मौसम बना रहा। वहीं, नोख में शनिवार की शाम तेज आंधी के बाद हल्की बारिश हुई। जिससे मौसम सुहावना हो गया। शुक्रवार की रात बारिश व तूफान के कारण मदासर गांव में खासा नुकसान हुआ है।

2 min read
Jul 01, 2023
पोकरण. तूफान से गिरा विद्युत पोल व तारें।

पोकरण. क्षेत्र में शुक्रवार रात तेज बारिश का दौर चलने के बाद शनिवार को दोपहर तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। शुक्रवार की रात अचानक बदले मौसम के बाद करीब सवा 8 बजे तेज बारिश का दौर शुरू हुआ, जो करीब 40 मिनट तक जारी रहा। बारिश से जगह-जगह पानी जमा हो गया। तहसील कार्यालय में लगे रेनगेज के अनुसार शुक्रवार रात 34 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। साथ ही रात में तापमान में गिरावट से मौसम में ठंडक बढ़ गई। शनिवार को दिन चढऩे के साथ आसमान साफ होने से सूर्य की तेज किरणें निकली। दोपहर के समय तापमान में खासी बढ़ोतरी से मौसम गर्मी जैसा हो गया। साथ ही मौसम में उमस भी बढ़ गई, जो देर शाम तक जारी रही।

गिर गए पोल, उड़ गए छप्पर
क्षेत्र में शुक्रवार की रात कई जगहों पर तूफानी आंधी का दौर चला। जिससे नुकसान हुआ है। क्षेत्र के सांकड़ा, मदासर आदि गांवों में तूफान का असर अधिक रहा। मदासर गांव में शुक्रवार की रात तेज तूफानी आंधी व उसके बाद बारिश का दौर चला। जिसके कारण विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर, तारें आदि गिर गए। साथ ही टिनशेड, छप्पर, कच्ची झोंपे भी ध्वस्त हो गए। जिससे लोगों को नुकसान हुआ है। गांव के नरपतदान रतनू ने बताया कि प्रयागदान की ढाणी, चारणों की ढाणी में विद्युत पोल व तारें गिर जाने के कारण बिजली गुल हो गई, जो शनिवार की शाम तक भी सुचारु नहीं हो पाई थी। जिससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है।

तेज आंधी के बाद बूंदाबांदी
नोख क्षेत्र में शनिवार को दिनभर की गर्मी व उमस के बाद चली आंधी व बूंदाबांदी से मौसम ठंडा हो गया। शनिवार को दिन चढऩे के साथ मौसम भीषण गर्मी व उमस का हो गया। दोपहर के समय गर्मी के कारण आमजन का बेहाल हुआ। शाम करीब 5 बजे तेज हवा के साथ आंधी चली। जिससे पूरा गांव रेत की आगोश में समा गया और चारों तरफ उड़ते रेत के गुब्बार के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हुआ। आंधी के बाद 5 मिनट तक बूंदाबांदी व हल्की बारिश हुई। जिससे गांव की सड़कें तर हो गई और मौसम सुहावना हो गया।

Published on:
01 Jul 2023 07:13 pm
Also Read
View All

अगली खबर