
पोकरण. नाचना के राजकीय अस्पताल में लगी मरीजों की कतार।
पोकरण. नाचना क्षेत्र में मौसम में हो रहे बदलाव के चलते इन दिनों अस्पताल में मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। लगातार बढ़ती मरीजों की संख्या से अस्पताल में कतारें देखने को मिल रही है। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व तक भीषण गर्मी का दौर चल रहा था। इसके बाद पहले बिपरजॉय व फिर मानसून की बारिश का दौर चला। बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव की स्थिति हो गई। जिससे मच्छरों की तादाद बढ़ती जा रही है। जिसके कारण मौसमी बीमारियों की मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। नाचना गांव के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में इन दिनों ओपीडी 300 के पार हो गई है। जिससे अस्पताल में भीड़ व मरीजों की कतारें देखने को मिल रही है।
लंबी कतार में लगकर करवा रहे उपचार
गांव के राजकीय अस्पताल में गत कुछ दिनों से मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सोमवार को ओपीडी 300 के पार रही। जिसके चलते मरीजों ने कतारबद्ध होकर अपना उपचार करवाया। अस्पताल के पर्ची काउंटर के साथ चिकित्सक कक्ष के बाहर मरीजों की भीड़ देखी गई। विशेष रूप से मौसमी बीमारियों वायरल बुखार, सर्दी, जुकाम आदि के मरीजों की संख्या ज्यादा दिख रही है। साथ ही मलेरिया के मरीज भी सामने आ रहे है। मौसमी बीमारियों के बढऩे व मलेरिया की दस्तक के बाद भी चिकित्सा विभाग की ओर से न तो क्षेत्र में सर्वे करवाया जा रहा है, न ही जल भराव स्थलों पर छिड़काव का कार्य शुरू किया गया है। जिसके कारण मलेरिया, डेंगू आदि के फैलने की आशंका बढ़ गई है। जबकि जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे है।
Published on:
3 Jul 2023, 7:58 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.