scriptसुविधाओं को तरसती पोकरण की पहली कॉलोनी | Patrika News
जैसलमेर

सुविधाओं को तरसती पोकरण की पहली कॉलोनी

पोकरण कस्बे में वर्षों पूर्व नगरपालिका की ओर से जयनारायण व्यास कॉलोनी काटकर आवंटन व नीलामी पर भूखंडों का विक्रय किया गया। इसमें आज भी सुविधाओं का टोटा बना हुआ है। बावजूद इसके नगरपालिका की कॉलोनी में विकास को लेकर जिम्मेदारों की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

जैसलमेरMay 14, 2024 / 07:46 pm

Deepak Vyas

pokaran
पोकरण कस्बे में वर्षों पूर्व नगरपालिका की ओर से जयनारायण व्यास कॉलोनी काटकर आवंटन व नीलामी पर भूखंडों का विक्रय किया गया। इसमें आज भी सुविधाओं का टोटा बना हुआ है। बावजूद इसके नगरपालिका की कॉलोनी में विकास को लेकर जिम्मेदारों की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जानकारी के अनुसार नगरपालिका की ओर से वर्षों पूर्व कस्बे में कई जगहों पर कॉलोनियां काटी गई थी। इनमें कुछ कॉलोनियों में जरिए आवंटन तो कुछ भूखंडों को करोड़ों रुपए में नीलाम कर आमदनी की गई। करीब चार दशक पूर्व सबसे पहले जोधपुर रोड के उत्तर दिशा में जयनारायण व्यास कॉलोनी काटी गई थी। इसमें भूखंडों का आवंटन किया गया था। इस दौरान कस्बे व आसपास क्षेत्र के गांवों के लोगों की ओर से भूखंड लिए गए। नियमों के अनुसार नगरपालिका की ओर से काटी गई कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार का जिम्मा भी पालिका के पास ही है। जबकि इस कॉलोनी में नाममात्र के विकास कार्य करवाकर औपचारिकता पूरी कर दी गई। इसके बाद यहां किसी भी प्रकार का कोई कार्य नहीं करवाया गया। जिसके कारण महंगे दामों में भूखंड क्रय करने के बावजूद आमजन को परेशानियों से रु-ब-रु होना पड़ रहा है।

विकास कार्य, जो हो गए जर्जर

जब व्यास कॉलोनी काटी गई थी, उस समय यहां ग्रेवल सडक़ बिछाकर विद्युत पोल लगाए गए। एक बार यहां डामर सडक़ भी बनाई गई। इसके अलावा यहां नाले का निर्माण करवाया गया और कुछ जगहों पर नालियों का निर्माण भी करवाया गया। आबादी विस्तार के साथ रोड लाइटें लगाने का कार्य किया गया।

अब समस्याओं से परेशान

व्यास कॉलोनी में डामर सडक़ पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। साथ ही ग्रेवल सडक़ों से मिट्टी व डामर उखड़ गया है। विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गए है। कुछ जगहों पर बनाई गई नालियां जमींदोज होने के कगार पर पहुंच गई है। यहां बनाया गया नाला भी क्षतिग्रस्त होकर बिखरने लगा है। नाले में मलबा व कचरा जमा पड़ा है और पानी निकासी नहीं हो रही है। कई विद्युत पोलों से लाइटें गायब हो चुकी है और रात के समय अंधेरा पसरा रहता है। जिससे आवागमन मुश्किल हो रहा है। कॉलोनी में झाडिय़ां लगी हुई है। जिसके कारण गंदगी फैल रही है।

जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान

जयनारायण व्यास कॉलोनी में सुविधाओं के विस्तार के बाद उनकी एक बार भी देखभाल नहीं की गई। जिसके कारण आमजन को परेशानी हो रही है। महंगे दामों में भूखंड खरीदने के बाद भी सुविधाओं की कमी के कारण आमजन को समस्याओं से परेशान होना पड़ रहा है। जबकि नगरपालिका की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
प्रस्ताव लेकर करवाएंगे कार्य
बोर्ड की अगली बैठक में कस्बे की कॉलोनियों में विकास कार्यों को लेकर प्रस्ताव लेकर कार्य करवाए जाएंगे।
जोधाराम विश्नोई, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका, पोकरण

Hindi News/ Jaisalmer / सुविधाओं को तरसती पोकरण की पहली कॉलोनी

ट्रेंडिंग वीडियो