
रेगिस्तान की स्वर्णिम धरती पर जब भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम के जांबाजों ने लड़ाकू विमानों के साथ आकाश में कलाबाजियां दिखाई तो मानो पूरा आसमान तिरंगे के रंगों से नहा गया। जैसलमेर का आकाश सोमवार को गौरवमयी करतबों का साक्षी बना, जहां सूर्यकिरण टीम ने अपने साहस, निपुणता और परिश्रम से देशभक्ति का कभी न भूलने वाला समां बांध दिया। टीम के हॉक विमानों की गगनचुंबी उड़ानों और तिरंगे रंगों की धारा ने डेडानसर मैदान में उपस्थित जनसमूह को रोमांचित कर दिया। हर फॉर्मेशन में टीम के विमानों के अद्वितीय सामंजस्य और कलाबाजियों ने दर्शकों को स्तब्ध कर दिया। जैसलमेर के निर्वाचित जनप्रतिनिधि, सैन्य बलों के अधिकारी और आमजन ने इस अद्भुत क्षण को गर्व से निहारा और उन्हें ऐसा महसूस हुआ मानो नीला आकाश स्वयं वीरता का गीत गा रहा हो।
इस अवसर पर सूर्यकिरण टीम के हॉक विमानों ने जब तिरंगे की रचना की, तब हर आंख में गर्व चमक रहा था और दिल में देश के प्रति श्रद्धा हिलोरें लेने लगी। इसी तरह से विमानों ने जब धुएं से डीएनए की संरचना तैयार की तब लोग आश्चर्य से भर गए। आखिर में जैसलमेर के बाशिंदों के प्रति आभार प्रदर्शन की रस्म इन विमानों ने आसमान में दिल की आकृति साकार कर की। इस फोर्मेशन में 3 विमानों ने हिस्सेदारी की और 2 ने दिल का आकार बनाया तो एक विमान उसमें से होकर ऐसे गुजरा मानो तीर जा रहा हो। यह सब देखकर दर्शक अपनी कुर्सियों से मानो उछल पड़े। एयर शो का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को प्रबल करने के साथ युवाओं को भारतीय वायुसेना के प्रति प्रेरित करना था।
डेडानसर मैदान में सायं ठीक 4.25 बजे सूर्यकिरण एयरोबेटिक का प्रदर्शन शुरू हुआ और 20 मिनट बाद 4.45 बजे संपन्न हुआ। जानकारी के अनुसार इसमें भाग लेने वाले विमानों ने जैसलमेर के एयरफोर्स स्टेशन से उड़ान भरी। मैदान में बैठे दर्शकों के सामने प्रदर्शन के लिए विमान कभी बाएं तो कभी दाएं और कभी पीछे तो कभी सामने की दिशा से आए और सैकड़ों किलोमीटर की रफ्तार से विमान इतनी तेजी से भी गुजरे कि पलक झपकते ही मंजर बदलता दिखा। इसकी अगुआई ग्रुप कैप्टन जीएस ढिल्लो ने की और उप कमान ग्रुप कैप्टन सिद्धेश कार्तिक ने संभाली। जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी, जैसलमेर नगरपरिषद सभापति हरिवल्लभ कल्ला, जिला कलक्टर प्रतापसिंह, पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी व भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश शारदा ने शो की सराहना की।
Published on:
16 Sept 2024 11:27 pm

बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
