
पोकरण कस्बे में नगरपालिका की ओर से सार्वजनिक स्थलों पर लगाई गई रोड लाइटों पर चोरों की नजर पड़ गई है। मंगलवार की रात चोरों ने तीन अलग-अलग सार्वजनिक स्थलों पर विद्युत पोल व रेलिंग तोड़कर रोड लाइटें चुरा ली। जिसको लेकर नगरपालिका की ओर से पुलिस में रिपोर्ट भी दी गई है। जानकारी के अनुसार कस्बे के रामदेवसर तालाब पर गत वर्ष सौंदर्यकरण का कार्य शुरू किया गया था। इस दौरान यहां इंटरलोकिंग टाइलें लगाने और आकर्षक रोड लाइटें लगाने का कार्य किया गया। मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने यहां लगा एक विद्युत पोल तोड़ दिया और दो रोड लाइटें चुरा ली। इसी प्रकार कस्बे के सालमसागर तालाब के घाटों पर लोहे की रेलिंग लगी हुई है। अज्ञात चोरों ने रेलिंग तोड़कर चुरा ली। साथ ही कस्बे के फलसूंड रोड पर लगी रोड लाइटें भी चोरी हो गई है। बुधवार को सुबह जब चोरी व तोडफ़ोड़ की जानकारी हुई तो नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी जोधाराम विश्नोई ने स्थलों का मुआयना किया और जानकारी ली। इस संबंध में पुलिस में रिपोर्ट भी दी गई है। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि गत कुछ माह में क्षेत्र में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही है। आए दिन घरों, दुकानों में हो रही चोरी की वारदातों से आमजन में भय व दहशत का माहौल है। अब चोरों ने सार्वजनिक संपत्ति को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। मंगलवार रात में तीन अलग-अलग जगहों पर हुई वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
Published on:
12 Jun 2024 08:40 pm

बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
