scriptआज होगी धनवर्षा: किसानों के खाते में धान बोनस के आएंगे 198 करोड़ रुपए | There will be a rain of money today: Rs 198 crore will come to the far | Patrika News
जांजगीर चंपा

आज होगी धनवर्षा: किसानों के खाते में धान बोनस के आएंगे 198 करोड़ रुपए

किसानों के लिए आज का दिन यादगार होने वाला है। क्योंकि सात साल पहले जिन किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान बेचा था, उस धान के बोनस का पैसा आज किसानों के खाते में आएगा।

जांजगीर चंपाDec 24, 2023 / 09:26 pm

Anand Namdeo

आज होगी धनवर्षा: किसानों के खाते में धान बोनस के आएंगे 198 करोड़ रुपए

आज होगी धनवर्षा: किसानों के खाते में धान बोनस के आएंगे 198 करोड़ रुपए

प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनने के बाद वर्ष 2014-15 और 15-16 में जो धान का बोनस किसानों को नहीं मिला था वह बोनस अब किसानों को बीजेपी देने जा रही है। इसके लिए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस को चुना गया है जो 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी दिन जिले के किसानों के खाते में 198 करोड़ रुपए का बोनस डाला जाएगा।
किसानों के खाते में बोनस राशि का वितरण मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के द्वारा ऑनलाइन ट्रांसफर किया जाएगा। इस कार्यक्रम का ऑनलाइन प्रसारण भी जिला मुख्यालय जांजगीर सभी सहकारी समितियों में वर्चुअल प्रसारण किया जाएगा। गौरतलब है कि खरीफ सीजन 2014-15 में धान बेचने वाले 53 हजार 106 किसानों को 300 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से 92 करोड़ 82 लाख रुपए और 2015-16 में धान बेचने वाले 56 हजार 711 किसानों को 97 करोड़ चार लाख रुपए की बोनस राशि का वितरण होगा। इन किसानों के खाते में इतनी राशि सीधे अंतरित की जाएगी। इसके लिए पिछले हफ्ते दिन से जिला प्रशासन तैयारी में जुटा हुआ था। उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव 2023 के चुनावी घोषणा पत्र में बीजेपी ने छत्तीसगढ़ प्रदेश में सरकार बनने पर किसानों को बकाया बोनस की राशि देने का वादा किया था। अब प्रदेश में बीजेपी की सरकार बन चुकी है। ऐसे में किसानों को बकाया राशि देकर बीजेपी अपना वादा पूरा करने जा रही है। बता दें, कि 2018 के विधानसभा में बीजेपी को करारी हार का सामना करना पड़ा था। इसके लिए 2014-15 और 15-16 का बोनस किसानों को नहीं देना भी माना गया था। ऐसे में इस बार चुनाव में बीजेपी ने इसे प्रमुख मुद्दा बनाया था और बहुमत के साथ जीत भी हासिल की है।

ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय वितरण कार्यक्रम…


छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य के किसानों को दो साल के धान की बकाया बोनस राशि का वितरण 25 दिसंबर सुशासन दिवस के अवसर पर किया जाएगा। पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसम्बर सुशासन दिवस के अवसर पर धान बोनस वितरण का जिला स्तरीय वर्चुअल कार्यक्रम नवनिर्मित ऑडिटोरियम भवन में दोपहर 01 बजे से आयोजित होगा। वर्चुअल कार्यक्रम का प्रसारण जिले के सभी विकासखंड मुख्यालय एवं 101 सहकारी समितियां में भी किया जाएगा । जिसमें किसानों की उपस्थिति में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का उद्बोधन एवं संवाद का सीधा प्रसारण किया जाएगा।

अवकाश फिर भी खुले रहेंगे जिला सहकारी बैंक की शाखाएं….


चूंकि 25 दिसंबर को क्रिसमस को लेकर राष्ट्रीय अवकाश है लेकिन बोनस राशि वितरण को लेकर फस्र्ट हॉफ में सहकारी बैंक के शाखाएं खुली रहेंगी। ताकि बोनस राशि का वितरण कार्यक्रम किसानों के लिए आयोजित किया जा सके। उप पंजीयक सहकारी सेवाएं जांजगीर-चांपा उमेश गुप्ता के मुताबिक किसानों के खाते में राशि डाली जाएगी। वहीं किसानों को कार्यक्रम में प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा। इसके बाद किसान बोनस राशि भी आहरण कर सकते हैं।

किसानों में दोगुनी खुशी का माहौल


बोनस राशि को लेकर किसानों में खुशी का माहौल भी नजर आ रहा था क्योंकि किसानों को बोनस के रूप में जो पैसे मिल रहे हैं उसकी किसानों ने उम्मीद भी नहीं की थी। लेकिन 25 दिसंबर का दिन किसानों के लिए एक तरह से यादगार रहेगा। यह खरीफ सीजन किसानों के लिए पैसे की बरसात वाला सीजन साबित होने जा रहा है। पहला बोनस मिल रहा है तो दूसरी ओर धान बेचने वाले किसानों को समर्थन मूल्य भी प्रति एकड़ 3100 रुपए दिया जा रहा है। इतना ही नहीं 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान भी बचेंगे। इस तरह प्रति एकड़ किसानों को पिछले साल की तुलना में 25 हजार रुपए ज्यादा मिलेंगे।

खाता बंद हो चुका तो होगी परेशानी…


बताया जा रहा है धान का बोनस उसी खाते में डाला जाएगा, जिस खाते में खरीफ सीजन 14-15 और 15-16 में धान खरीदी हुई है। ऐसे में मौत या अन्य वजह से जिन किसानों के बैंक खाते बंद हो गए हैं उन्हें बोनस की राशि पाने में परेशानी हो सकती है। बोनस के हकदार या वारिस को बैंक में जाकर स्पष्ट करना होगा कि वह बोनस के रकम लेने के पात्र है। इसके चलते बैंक और सोसायटियों के चक्कर लगाने पड़ सकते हैं।

Hindi News/ Janjgir Champa / आज होगी धनवर्षा: किसानों के खाते में धान बोनस के आएंगे 198 करोड़ रुपए

ट्रेंडिंग वीडियो