फलोदी। इस साल प्रकृति में लगातार हो रहे बदलाव का असर धरती पर जीवन को मुश्किल राह पर ला सकता है। ऐसे में मौसम में हो रहे बदलावों के माध्यम से प्रकृति के संदेश को समझते हुए धरती की सेहत व जीवन को बचाने के प्रयासों में तेजी लाने की जरूरत है। बारिश को तरसने वाले पश्चिमी राजस्थान में इस साल जिस तरह से सर्दी व भीषण गर्मी के सीजन में बरसात का दौर चल रहा है, वह प्रकृति के लिए कितना उपयोगी व नुकसानदेह होगा, यह तो आने वाला समय ही बताएगा। लेकिन अचानक से आए इस बदलाव के मायनों को समझकर धरती की सेहत में सुधार के लिए अभी से ही सतर्क होकर कार्य करने की जरूरत महसूस होने लगी है।