उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुलिस से प्रताड़ित सब्जी बेचने वाले युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने अपना वीडियो बना वायरल किया है। जिसमें उसने बताया है कि चौकी इंचार्ज और एक कांस्टेबल के कारण वह फांसी लगाकर आत्महत्या कर रहा है। गले फांसी का फंदा लगाये युवक ने कहा “मम्मी हमें माफ कर देना”। सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि मृतक परिजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना संचेडी थाना क्षेत्र का है।
थाना क्षेत्र के संचेडी कस्बा निवासी सुनील पुत्र बालकृष्ण ने अपना वीडियो वायरल कर फांसी का फंदा लगा जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सुनील के दो वीडियो भी वायरल हो रहे है। जिसमें उसने कहा कि उसकी मौत का जिम्मेदार चकरमंडी चौकी इंचार्ज सत्येंद्र यादव है। जो उन्हें परेशान करते हैं। फ्री में सब्जी लेता है। जेब से रुपए भी छीन लेता है। जिससे प्रताड़ित होकर वह फांसी का फंदा लगा रहा है।
क्या कहते हैं सहायक पुलिस आयुक्त?
सहायक पुलिस आयुक्त ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि चौकी इंचार्ज सत्येंद्र यादव और कांस्टेबल अजय यादव के ऊपर आरोप लगाया गया है। मृतक परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने संगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है कानूनी कार्रवाई की जा रही है।