scriptमहाशिवरात्रि पर दिनभर होगा फलाहारी प्रसाद वितरण | Mahashivratri in the Omkareshwar | Patrika News
खंडवा

महाशिवरात्रि पर दिनभर होगा फलाहारी प्रसाद वितरण

-तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में धार्मिक अनुष्ठानों का चलेगा दौर-20 फरवरी से लेकर 23 फरवरी तक मनाएंगे उत्सव-पर्व की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने की अधिकारियों की नियुक्ति

खंडवाFeb 18, 2020 / 10:22 pm

मनीष अरोड़ा

महाशिवरात्रि पर दिनभर होगा फलाहारी प्रसाद वितरण

-तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में धार्मिक अनुष्ठानों का चलेगा दौर-20 फरवरी से लेकर 23 फरवरी तक मनाएंगे उत्सव-पर्व की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने की अधिकारियों की नियुक्ति

खंडवा. तीर्थनगरी में भगवान ओंकार-ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग का महाशिवरात्रि मेला 20 फरवरी से 23 फरवरी तक मनाया जाएगा। मेले का मुख्य दिवस 21 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन ओंकोरश्वर ज्योतिर्लिंग, ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग सहित सभी मंदिरों के पट 24 घंटे खुले रहेंगे। साथ ही दिनभर विभिन्न संस्थानों, संगठनों द्वारा फलाहारी प्रसादी का वितरण किया जाएगा। पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कलेक्टर ने कार्यपालिक दंडाधिकारी की नियुक्ति कर अन्य अधिकारियों को भी प्रभार सौंपे।
महाशिवरात्रि पर तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों का दौर जारी रहेगा। शिव भक्तों द्वारा भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर पूजन-अभिषेक का क्रम चलता रहेगा। नर्मदा तट के अभय घाट पर स्वामी कमलेश्वर आनंद एवं ब्रह्मा प्रिया नम्रता कमलिनी के सानिध्य में ओंकार साधना सिद्धि दीक्षा शिविर का 4 दिवसीय आयोजन भी रखा गया है। नगर के अन्नपूर्णा आश्रम में महाशिवरात्रि पर्व एवं इससे एक दिन पूर्व 20 फरवरी गुरुवार को खुला महाप्रसादी भंडारे का आयोजन जगदीश गुप्ता जयपुर वालों की ओर से रखा गया है। अगले दिन महाशिवरात्रि पर्व पर साधु संत सेवा समिति इंदौर की ओर से फलाहारी महाप्रसाद भंडारे का आयोजन भी रखा गया है।
समिति के संयोजक सुनील गोयल, कैलाश अग्रवाल एवं रामदास मित्तल ने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर अन्नपूर्णा आश्रम में सुबह 7 बजे से लेकर 9 बजे तक आने वाले भक्तों को चाय का वितरण किया जाएगा। 10 बजे से लेकर रात्रि 8 बजे तक फलाहारी महाप्रसाद का वितरण होगा। उन्होंने बताया कि महाराज सच्चिदानंद गिरी के सहयोग से समिति द्वारा लगातार 30 वर्षों से यह आयोजन ओंकारेश्वर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रूप से किया जाता है।
कानून व्यवस्था के लिए अधिकारी तैनात
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी तन्वी सुंद्रियाल ने महाशिवरात्रि पर्व के दौरान ओंकारेश्वर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कार्यपालिक दंडाधिकारियों की ड्यूटी 20 से 22 फरवरी तक लगाई गई है। जारी आदेश अनुसार एसडीएम पुनासा डॉ. ममता खेड़े झूला पूल एवं मुख्य मंदिर में कानून व्यवस्था बनाए रखना सुनिशिचत करेंगी। डिप्टी कलेक्टर अशोक जाधव ओंकारेश्वर मंदिर की सीढ़ीयों से मंदिर के प्रवेश द्वार क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा डिप्टी कलेक्टर आरती सिंह गोमुख घाट व नाव घाट, कोटि तीर्थ घाट क्षेत्र में, अशोक मिश्रा नायब तहसीलदार नागर घाट व अभय घाट क्षेत्र में, नायब तहसीलदार विजय सेनानी बड़ा चौक से गुरुद्वारा के बीच के क्षेत्र में, नायब तहसीलदार नीतिन चौहान झूला पुल से गजानंद आश्रम, ब्रह्मपुरी घाट व मेला क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित करेंगे। जनपद पंचायत पुनासा सीईओ की ड्यूटी खेड़ीघाट के समक्ष मोरटक्का क्षेत्र में लगाई गई है। संपूर्ण व्यवस्था के प्रभारी एसडीएम पुनासा डॉ. ममता खेड़े रहेंगी। तहसीलदार पुनासा सीमा कनेश की ओंकारेश्वर शहर में यातायात प्रबंधन के लिए ड्यूटी लगाई गई है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो