scriptबिग्रेड रैली: किसने-क्या कहा? | brigrade rally at kolkata | Patrika News
कोलकाता

बिग्रेड रैली: किसने-क्या कहा?

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की बिग्रेड रैली

कोलकाताJan 19, 2019 / 10:30 pm

Shishir Sharan Rahi

kolkata

बिग्रेड रैली: किसने-क्या कहा?

—-चोर मशीन है इवीएम–फारूक

कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की बिग्रेड रैली में शनिवार को भाजपा के बागी नेताओं सहित अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने मोदी सरकार सहित भाजपा पर जमकर हमला बोला। नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता फारूक अब्दुल्ला ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (इवीएम) को चोर मशीन बताते हुए कहा कि इसे हटाना ही होगा। उन्होंने कहा कि हर जगह लोगों को मारा जा रहा है। मैं मुसलमान जरूर हूं, लेकिन भारत का हिस्सा हूं। हर कश्मीरी भारत के साथ रहना चाहता है। आज देश को बचाने के लिए विपक्ष के नेता को कुर्बानी देनी होगी, नफरत खत्म करने के लिए भाजपा को निकालना होगा।
—शाह-मोदी की जोड़ी ने देश को किया बर्बाद-केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि देश का युवा नौकरियों के लिए परेशान हैं। केजरीवाल ने कहा कि पिछले 5 साल में नरेंद्र मोदी और अमित शाह की जोड़ी ने देश का कबाड़ा कर दिया। पिछले 70 सालों में पाकिस्तान भारत को बांटने का सपना देखता रहा। जो 70 साल में पाकिस्तान नहीं कर पाया वो मोदी और अमित शाह ने 5 साल में कर दिया। इन्होंने हिन्दू-मुसलमान को लड़ा दिया, मुसलमान-ईसाईयों से लड़ा दिया। अगर ये दोबारा आए तो देश बर्बाद हो जाएगा।नोटबंदी कर पीएम मोदी ने देश की 125 करोड़ नौकरियां खा ली हैं। इंश्योरेंस कंपनियां मोदीजी की दोस्त हैं। किसानों की फसल बर्बाद होती हैं तो मोदी और शाह उन्हें इंश्योरेंस कंपनियों के हवाले कर देते हैं। मोदी और शाह अगर 2019 में सत्ता में आए तो देश बर्बाद हो जाएगा। अगर मोदी और शाह दोबारा लौट आए तो संविधान खत्म कर देंगे, चुनाव खत्म कर देंगे, लोकशाही खत्म कर देंगे, तानाशाही ले आएंगे। इन लोगों को को जड़ से उखाड़ फेंकने की जरूरत है। मोदी और अमित शाह जाने वाले हैं, देश के अच्छे दिन आने वाले हैं।
——-देश को नरेंद्र मोदी प्राइवेट लिमिटेड बना दिया–स्टालिन
डीएमके के एमके स्टालिन ने कहा कि सत्ता में आने से पहले मोदीजी कहते थे कि काला धन लाकर जनता के खाते में जमा कर देंगे। हरेक के खाते में 15 लाख जमा होंगे क्या यह पैसा मिला? मोदी शासन में पेट्रोल-डीजल महंगा हो गया। गैस महंगी हो गई। रोजमर्रा की चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं। बेरोजगारी, गरीबी, भूखमरी बढ़ रही है। सरकार ने देश को नरेंद्र मोदी प्राइवेट लिमिटेड बना दिया है। सरकार ने राफेल का सौदा प्राइवेट कंपनी को दिया।
—-जनता की यही पुकार, नहीं चाहिए मोदी सरकार–सिंघवी
कांग्रेस की तरफ से रैली में शामिल अभिषेक मनु सिंघवी ने ममता बनर्जी को बधाई देते हुए कहा कि यहां 22 पार्टियों का इन्द्रधनुष दिखाई दे रहा है। सिंघवी ने कहा, एक नया भारत बनाएंगे, भाजपा को भगाएंगे. जनता की यही पुकार, अब नहीं चाहिए मोदी सरकार। उन्होंने कहा कि जब अमित शाह ने सैंकड़ों रैलियां यूपी में की, तब किसी ने आवाज नहीं उठाई, लेकिन तेजस्वी ने बिहार में एक रैली की तो उनके खिलाफ इनकम टैक्स की जांच लग गई। ऐसा देश में पहली बार हो रहा है कि देशहित में आवाज उठाने वाले को देशद्रोही करार दिया जाता है। केंद्र की मंशा बांटने की है। केंद्र सरकार के नेता समय-समय पर विपक्ष और गठबंधन पर अपशब्दों से हमले करते रहते हैं।
—–राफेल जैसा घोटाला आज तक नहीं हुआ–शौरी
पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण शौरी ने भी केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर जमकर हमला बोला। उन्होंने सरकार पर राफेल में घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि इस सरकार ने रक्षा के क्षेत्र में जैसा घोटाला किया है वैसा आजतक किसी सरकार में नहीं हुआ।
—-मोदी नहीं, मुद्दे ही मुद्दा—सिन्हा
पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने कहा कि हम यहां एक विचार को हटाने के लिए खड़े हुए हैं। पिछले 56 महीनों में देश का लोकतंत्र खतरे में आया है। हमारे सामने मोदी मुद्दा नहीं, बल्कि मुद्दे ही मुद्दा हैं। उन्होंने कहा कि हम यहां इक_े हुए एक सोच, एक विचारधारा के विरोध में। यह पहली सरकार है जो आंकड़ों में छेड़छाड़ करती है. हमारे लिए मोदी मुद्दा नहीं, हमारे लिए देश के लोगों के मुद्दे ही मुद्दा हैं और हम यहां एक विचार को हटाने के लिए खड़े हुए हैं।
—-विपक्ष का एकजुट बड़ा संदेश—-जिग्नेश मेवाणी
गुजरात के युवा नेता जिग्नेश मेवाणी ने कहा कि विपक्ष का एकजुट होना एक बहुत बड़ा संदेश है। आज देश का लोकतंत्र खतरे में हैं. किसान से लेकर नौजवान सभी परेशान हैं। संविधान को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। दलितों और मजदूरों का शोषण हो रहा है।
—सच बोलना बगावत तो मैं हूं बागी—शत्रुघ्न
राजनेता-अभिनेता और बिहारी बाबू के नाम से मशहूर शत्रुघ्न सिन्हा ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें देश का मूड दिखाई दे रहा है। देश का और बंगाल का एक ही मूड है- परिवर्तन, परिवर्तन, परिवर्तन। उन्होंने इससे ज्यादा जानदार, शानदार और दमदार रैली कभी नहीं देखी। उन्होंने कहा कि मुझसे लोग सवाल करते हैं कि जब आप भाजपा में हैं तो भाजपा के खिलाफ क्यों बोलते हैं? क्या आप बागी हैं? तो मैं कहता हूं कि अगर सच कहना बगावत है तो हां मैं बागी हूं। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयीजी के जमाने में जहां देश में लोकशाही थी और आज के समय में तानाशाही है।
—देश को बचाना है और हम बचाएंगे–तेजस्वी
बिहार के राजद नेता तेजस्वी यादव ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हमें देश को बचाना है और हम बचाएंगे।
अगर चौकीदार अपना काम सही से नहीं करेगा, चोरी करेगा तो थानेदार उसको सजा जरूर देगा और देश की जनता ही थानेदार है। केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अगर आप उनसे हाथ मिला लो तो आप राजा हरिश्चंद्र हैं। उन्होंने कहा कि हम लोग अलग-अलग राजनीतिक दल से हैं और अलग-अलग भाषा वाले हैं क्योंकि हमारी अनेकता में ही एकता है। विपक्ष की अनेकता ही उसकी शक्ति बनेगी। हम डराने-धमकाने की रणनीति से नहीं डरते।
—जिसे जनता चुनेगी वो बनेगा—अखिलेश
उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के लोग हमें चिढ़ाते हुए कहते हैं कि इनके पास तो दूल्हे बहुत हैं, आखिर बनेगा कौन? मैं कहता हूं कि अगर हमारे पास दूल्हे बहुत हैं तो जिसे जनता चुनेगी वो बनेगा। पहले भी ऐसा ही हुआ है। पीएम मोदी के नाम ने देश को निराश कर दिया है। गठबंधन के बाद से वे बेचैन हैं। नए साल में देश में नया पीएम आ जाए तो बड़ी खुशी होगी।
—किसान संकट में—सतीश चंद्र मिश्रा
बसपा नेता सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा कि देश के किसान फैक्ट्रियों के बंद होने से संकट में हैं। अल्पसंख्यक समुदाय के लोग भाजपा सरकार में डरे हैं, ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकने की जरूरत है। अगर हमें देश के संविधान को बचाना चाहते हैं, तो भाजपा सरकार से छुटकारा पाना होगा। बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। किसान, मजदूर, अल्पसंख्यक और दलितों को तंग किया जा रहा है। नोटबंदी के दौरान मोदी ने जनता से उनके खाते में 15 लाख रुपए देने का वादा किया था। वो 15 लाख किसी के खाते में पैसे नहीं आए। मोदी सरकार में पेट्रोल-डीजल, सब्जी और रोजमर्रा के सामानों के दाम आसमान छू रहे हैं।

Home / Kolkata / बिग्रेड रैली: किसने-क्या कहा?

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो