scriptबड़ाबाजार: मां-बेटी ने इमारत से लगाई छलांग, मां की मौत | Kolkata: Mother-daughter jump from building roff, mother's death | Patrika News
कोलकाता

बड़ाबाजार: मां-बेटी ने इमारत से लगाई छलांग, मां की मौत

– कोलकाता में दर्दनाक घटना
– बेटी अस्पताल में भर्ती, गोद में रही दो साल की पुत्री भी घायल- मां और बेटी की आंखों में बंधी हुई थी पट्टी

कोलकाताNov 14, 2018 / 11:06 pm

Renu Singh

kolkata West Bengal

बड़ाबाजार: मां-बेटी ने इमारत से लगाई छलांग, मां की मौत

कोलकाता

बड़ाबाजार के पोस्ता थानान्तर्गत 11 नंबर बड़तल्ला स्ट्रीट के चार तल्ले की इमारत की छत से एक ही परिवार की मां, बेटी ने छलांग लगा दी। बेटी की गोद में उसकी दो साल की बच्ची भी थी। घटना के बाद मां की मौत हो गई। उनका नाम सुहासिनी तापडि़या (50 )है। वहीं बेटी का नाम इंद्रा मोहता ( 31) व नातिनी रुबिका (2 ) साल हैं। दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जहां इंद्रा की हालत आशंकाजनक है वहीं रुबिका को हल्की चोट आई है। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि बुधवार की शाम 6.10 बजे चार तल्ले की भैरो बाड़ी की छत से बड़तल्ला स्ट्रीट पर तीनों एक साथ गिरीं। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक घटनास्थल पर ही सुहासिनी की मौत हो गई। मां और बेटी की आंखों में पट्टी बंधी हुई थी। आनन-फानन में तीनों को पहले विशुद्धानंद अस्पताल ले जाया गया जहां सुहासिनी को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं इंद्रा को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां उसे आईसीयू में रखा गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना के समय सुहासिनी के पति चांदरतन तापडि़या (60 ) और पुत्र राधेश्याम तापडि़या मौजूद थे। बताया जाता है कि चांदरतन मानसिक रूप से निशक्त हैं वहीं राधेश्याम शारीरिक रूप से निशक्त हैं। घटना के बारे में इन दोनों को कोई खबर नहीं थी।
—————————

आर्थिक परेशानी से जूझ रहा था परिवार


पोस्ता थानान्तर्गत बड़तल्ला स्ट्रीट में बुधवार की शाम नानी के साथ मां के अपनी बच्ची को गोद में लेकर नीचे कूदने की घटना से हड़कंप मचा हुआ है। घटना के बाद जहां नानी मारी गई है वहीं मां अस्पताल में भर्ती है। वहीं इस कांड में दो साल की बच्ची के सकुशल होने को स्थानीय लोग करिश्मा भी बता रहे हैं। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि सुहासिनी की पुत्री इंद्रा की शादी तीन साल पहले मानिकतल्ला निवासी कपड़ा व्यवसायी अमित मोहता से हुई थी। अमित की बड़ाबाजार पगैया पट्टी में कपड़े की दुकान है। यह भी पता चला है कि उनके दांपत्य जीवन में कलह थी। दो सालों से घरेलू हिंसा, तलाक का मामला चल रहा था। तब से अब तक इंद्रा अपने मायके में थी। भाई और पिता के निशक्त होने के कारण इंद्रा का मायका आर्थिक संकट से गुजर रहा था। उसने अपने पति से गुजारे भत्ते की मांग की थी। जो पूरी नहीं हुई। इससे उसका परिवार तनाव में था। घर का खर्चा पिता की पेंशन से चलता था। तंगहाली के कारण परिवार के सामने हमेशा संकट बना रहताथा।
—-

हत्या या आत्महत्या का संदेह

इधर, एक ही परिवार के तीन जनों के छत से गिरने की खबर पाकर कोलकाता पुलिस के उच्चाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस की होमिशाइड शाखा के अधिकारियों ने घटनास्थल की घेराबंदी कर वहां से नमूने जुटाए। भैरो बाड़ी की छत पर जाकर निरीक्षण किया। घटना के बारे में पड़ोसियों और मृतका के पति से बयान भी लिए।
संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध प्रवीण त्रिपाठी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। अभी तक यह नहीं कहा जा सकता कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। महिलाओं की आंखों में पट्टी का बंधा रहना संदेह का कारण है।
—–

क्या बताया प्रत्यक्षदर्शियों ने

बड़तल्ला स्ट्रीट में घटनास्थल के पास पान दुकान लगाने वाले मो. शकील ने बताया कि शाम 6.10 पर जोरदार आवाज आई, बाहर निकलने पर देखा कि दो महिलाएं सड़क पर गिरी हुई पड़ी हुई हैं। खून बह रहा है। लोगों की भीड़ लगी हुई है। इमारत के कई लोग उनकी दुकान में आते हैं,लेकिन वे उन दोनों महिलाओं को नहीं पहचान पाए।
————-

शटर लगाकर भागे लोग
घटना के बाद इमारत से सटी हुई कई दुकानों के मालिक शटर लगाकर दुकान बंद कर दिए। इस मामले में कुछ भी कहने से इंकार कर रहा है। लोग इस बात पर भगवान का शुक्रिया जताते रहे कि दो साल की बच्ची लगभग 40 फुट की ऊंचाई से गिरने के बाद भी सुरक्षित है।
—————-

घटना दुखदायी- मीना देवी पुरोहित

घटना की जानकारी पाकर स्थानीय पार्षद मीनादेवी पुरोहित घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने कहा कि घटना दुखदायी है। उनके पहुंचने से पहले ही घायलों को अस्पताल ले जाने की व्यवस्था हो गई थी। उन्हें मृतकों के पड़ोसियो ंने बताया कि बेटी के तलाक के मामले के कारण ही परिवार अवसादग्रस्त था।

Home / Kolkata / बड़ाबाजार: मां-बेटी ने इमारत से लगाई छलांग, मां की मौत

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो