scriptWest Bengal: ममता बनर्जी ने टीम इंडिया की प्रेक्टिस जर्सी का रंग भगवा होने पर जताई नाराजगी | mamata-banerjee-targeted-bjp-on-team-india-saffron-practise-jersey | Patrika News
कोलकाता

West Bengal: ममता बनर्जी ने टीम इंडिया की प्रेक्टिस जर्सी का रंग भगवा होने पर जताई नाराजगी

West Bengal ममता बनर्जी ने टीम इंडिया की प्रेक्टिस जर्सी का रंग भगवा होने पर सख्त नाराजगी जताई है। उन्होंने इसे सियासी कदम बताते हुए भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर देश के सबसे लोकप्रिय खेल क्रिकेट का भगवाकरण करने का आरोप लगाया है।

कोलकाताNov 18, 2023 / 01:25 pm

Mohit Sabdani

West Bengal: ममता बनर्जी ने टीम इंडिया की प्रेक्टिस जर्सी का रंग भगवा होने पर जताई नाराजगी

team india practise jersey colour saffron

कोलकाता। वर्ल्ड कप अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुँच चुका हैं और भारतीय क्रिकेट टीम ट्रॉफी उठाने की पूरी जद्दोजहद में है। इन सबके बीच में अब टीम इंडिया की प्रेक्टिस जर्सी पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सवाल उठाए है। उन्होंने भारतीय टीम की जर्सी के भगवा रंग में होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए भाजपा पर करारा हमला बोला।
ममता बनर्जी ने बड़ाबाजार स्थित पोस्ता बाजार में जगद्धात्री पूजा के उद्घाटन के दौरान भाजपा पर हर चीज का भगवाकरण करने का आरोप लगाया। बनर्जी ने कहा कि केंद्र सरकार भारतीय क्रिकेट टीम सहित देश के विभिन्न संस्थाओं का भगवाकरण करने की कोशिश में जुटी हुई है। यहां तक कि मेट्रो स्टेशनों को भी भगवा रंग में रंग दिया गया है। पूरे देश को भगवा रंग में रंगने की कोशिश की जा रही है। केंद्र सरकार की ओर से उठाए गए इस कदम को कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

 

क्रिकेट के बहाने बीजेपी पर निशाने
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आगे कहा कि विश्व कप के दौरान भारतीय क्रिकेट खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है और हमें उनके प्रदर्शन पर गर्व है। मुझे पूरा विश्वास है कि टीम इंडिया विश्व कप जीतने में कामयाब होगी। तकलीफ वाली बात यह है कि भाजपा के लोग क्रिकेट में भी भगवा रंग लेकर आ गए और हमारे खिलाड़ी अब भगवा रंग की जर्सी में अभ्यास कर रहे हैं। इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। आपको बता दें कि इस विश्व कप में भारतीय टीम भले ही नीली जर्सी में खेलती नजर आई हो लेकिन प्रेक्टिस के दौरान उन्हें भगवा या गेरुआ रंग की जर्सी में खेलते देखा गया। इसी को लेकर ममता ने बीजेपी पर निशाना साधा। इससे पहले भी एक बार ममता बनर्जी ने अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम का नाम बदलकर नरेंद्र मोदी स्टेडियम रखने पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था।

 

भाजपा ने किया ममता बनर्जी पर पलटवार
ममता बनर्जी के भाजपा पर हर चीज का भगवाकरण करने के आरोप पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा सांसद दिलीप घोष ने नीदरलैंड की टीम का उदाहरण देते हुए कहा कि नीदरलैंड के क्रिकेटर भी भगवा जर्सी पहनते हैं। क्या इसका मतलब यह है कि वे एक हिंदू राष्ट्र बन गए हैं? अगर किसी ने भगवा जर्सी पहनी है तो टीएमसी के लोग क्या करेंगे? क्या वे गैलरी से नीचे कूदेंगे? क्या वे गंगा नदी में कूदेंगे? उनके पास करने के लिए और कुछ भी नहीं है।
वहीं पार्टी के एक अन्य नेता शिशिर बाजोरिया ने भी घोष की बात का समर्थन करते हुए कहा कि हम विश्व कप जीतने के लिए टीम इंडिया की जय-जयकार करने की उनकी (ममता बनर्जी) इच्छा का स्वागत करते हैं। लेकिन जब वह कहती हैं कि टीम इंडिया का भगवाकरण हो गया है क्योंकि वे अभ्यास के दौरान भगवा जर्सी पहनते हैं, तो हमारे तिरंगे का क्या होगा जहां भगवा सबसे ऊपर है? क्या है सूरज की रोशनी की पहली किरण का रंग?

Hindi News/ Kolkata / West Bengal: ममता बनर्जी ने टीम इंडिया की प्रेक्टिस जर्सी का रंग भगवा होने पर जताई नाराजगी

ट्रेंडिंग वीडियो