फोरलेन के लिए 432 पेड़ों की होगी कटाई, इस शर्त पर दी गई अनुमति, पढि़ए खबर...
- 10 साल पहले प्रदूषण कम करने के लिए किया गया था पौधरोपण

कोरबा. सीएसईबी चौक से दर्री बराज तक निर्माणाधीन फोरलेन के आड़े ४३२ पेड़ आ रहे हैं। पेड़ों की कटाई के लिए नगर निगम ने अनुमति मांगी थी। वन विभाग ने सर्वे रिपोर्ट कलेक्टर को सौंप दी है। इसके मुताबिक हर एक पेड़ की कटाई के पीछे १० पेड़ लगाने के शर्त पर ही अनुमति दी जाएगी।
प्रस्तावित फोरलेन सड़क का निर्माण शुरू कर दिया गया है। सड़क के दोनों ओर खोदाई की जा रही है। अब बगैर पेड़ों की कटाई के सड़क का काम शुरू नहीं हो पाएगा। लिहाजा इसकी कटाई के लिए प्रशासन को नगर निगम ने पत्र लिखा था। वन विभाग को पेड़ों की गिनती के लिए निर्देश मिले थे। वन विभाग ने लगभग साढ़े ४ किमी की सड़क के फोरलेन के डिजाइन के बीच आ रहे पेड़ों की गिनती की। कुल ४३२ पेड़ आड़े आ रहे हैं।
इन पेड़ों की कटाई होनी है। लेकिन पेड़ों की कटाई के लिए वन विभाग ने शर्त भी रखी है। हर एक पेड़ के पीछे १० पेड़ लगाने होंगे। लगभग साढ़े ४ हजार पेड़ लगाने की हामी भरने के बाद ही प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। वन विभाग ने अपनी रिपोर्ट कलेक्टर को सौंप दी है। सीएसईबी चौक से दर्री तक मुख्य मार्ग के दोनों तरफ हरियाली है। १० साल पहले प्रदूषण कम करने के लिए पौधरोपण किया गया था। फोरलेन बनने के बाद इस मार्ग पर पहले की तरह हरियाली करने की जरूरत भी है। अतिक्रमण की वजह से भी पेड़ों की कटाई होती रही है।
पेड़ खुद निगम या फिर वन विभाग से लगवाने होंगे
लगभग साढ़े ४ हजार पौधरोपण खुद नगर निगम को या फिर वन विभाग के माध्यम से लगवानी होगी। अनुमति मिलने से पहले ही निगम को बताना होगा कि वह खुद से लगवाएगा या फिर वन विभाग को इसके लिए राशि मुहैया कराएगा। हालांकि नगर निगम के उद्यानिकी विभाग के माध्यम से हर बार पौधरोपण कराता है।
-नगर निगम ने फोरलेन सड़क के लिए पेड़ों की कटाई की अनुमति मांगी है। पेड़ों की गिनती कर रिपोर्ट हमनें जिलाधीश को दे दी है। आगे की प्रक्रिया वहीं से होगी- एके तिवारी, रेंजर, कोरबा
अब पाइए अपने शहर ( Korba News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज