घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता व बूंदी पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया तब भाया कोटा के लिए रवाना हुए। भाया जयपुर पीसीसी की बैठक से कोटा लौट रहे थे। तालेड़ा बायपास पर पुलिस कांस्टेबल ने कार रोकने का इशारा किया। ड्राइवर ने पुलिस जाब्ते के करीब पहुंचकर कार के ब्रेक लगाए तभी सादा वर्दी में मौजूद एक कांस्टेबल ने कार के बोनट पर डंडे मारे।
भाया ने इसका विरोध किया तो कांस्टेबल गाली-गलौज पर उतर आया। इस दौरान एक एएसआई व एक अन्य कांस्टेबल भी मौके पर मौजूद थे। डंडे मारने वाला कांस्टेबल नशे में बताया। वह भाया को लगातार गाली देता रहा।
उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस महानिरीक्षक को दी। बूंदी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र वर्मा, केशवरायपाटन पुलिस उपअधीक्षक शोराज मीणा मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी की। इसी दौरान कांग्रेस के जिला महासचिव सत्येश शर्मा, कृषि उपजमंडी के निवर्तमान अध्यक्ष कमलेश चांदना, पार्षद टीकम जैन भी मौके पर पहुंच गए।
बाद में रात करीब साढ़े दस बजे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई का भरोसा दिया तब भाया कोटा के लिए रवाना हुए। आईजी से नहीं की बात, देखते रहे अन्य साथी पूर्वमंत्री भाया ने बताया कि कांस्टेबल को आईजी से फोन पर बात करने को कहा तो मना कर दिया। उलटे पुलिस के अधिकारियों को गालियां देने लगा।
भाया का आरोप है कि तमाम घटना को मौके पर मौजूद एएसआई व एक अन्य कांस्टेबल देखते रहे। हंगामा होता दिखा तो कांस्टेबल को मौके से भगा दिया। हालांकि उन्होंने मोबाइल पर उसकी फोटो खींच ली। कार्रवाई होगी। मामले की पूरी जांच की जाएगी।
राजेन्द्र वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, बूंदी