
जानलेवा गड्ढों से वाहन चालक परेशान
सुवासा. तालेड़ा-केशवरायपाटन मुख्य सड़क मार्ग पर सुवासा से लाडपुर तक 2 किलोमीटर लिंक सड़क की हालत इन दिनों बेहद खराब हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और उनमें भरा बारिश का पानी राहगीरों तथा वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। प्रतिदिन दोपहिया वाहन चालक इन गड्ढों में फिसलकर घायल हो रहे हैं। स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को भी आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस दो किलोमीटर सड़क के निर्माण के लिए राज्य सरकार द्वारा 7 करोड़ 26 लाख रुपए की राशि स्वीकृत किए हुए करीब दो माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। ग्रामीण परमेश्वर मीणा, परमानंद मीणा और नरोत्तम मीणा ने बताया कि सुवासा-लाडपुर लिंक सड़क पर स्थित एथेनॉल फैक्ट्री के संचालन के बाद इस मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन काफी बढ़ गया है। लगातार ट्रकों और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। कई स्थानों पर सड़क की परत उखड़ गई है और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बरसात के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे वाहन चालक अचानक संतुलन खो बैठते हैं और दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी स्कूल आते-जाते हैं। खराब सड़क के कारण बच्चों को समय पर स्कूल पहुंचने में कठिनाई हो रही है, वहीं बुजुर्गों, महिलाओं और किसानों को भी आवागमन में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कई बार सड़क की मरम्मत और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो क्षेत्र के लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
सुवासा-लाडपुर लिंक सड़क के निर्माण के लिए 7.26 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। सड़क का टेंडर भी हो चुका है और फाइनल अंतिम स्वीकृति (एप्रूवल) के लिए भेजी गई है। जैसे ही अंतिम स्वीकृति प्राप्त होगी, निर्माण कार्य तत्काल शुरू करा दिया जाएगा।
अभिषेक गुर्जर, सहायक अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग, तालेड़ा
Updated on:
14 Aug 2026 06:01 am
Published on:
14 Aug 2026 06:01 am
