script#Ganesh Chaturthi :झूलेलाल वाटिका पर श्री गणेश महोत्सव सोमवार से | Happy Ganesh Chaturthi 2019 program start in lucknow | Patrika News
लखनऊ

#Ganesh Chaturthi :झूलेलाल वाटिका पर श्री गणेश महोत्सव सोमवार से

‘अखण्ड भारत का सपना, अनेकता में एकता’ थीम पर बन रहा पण्डाल

लखनऊAug 31, 2019 / 06:54 pm

Ritesh Singh

Chaturthi 2019 in UP

#Ganesh Chaturthi :झूलेलाल वाटिका पर श्री गणेश महोत्सव सोमवार से

लखनऊ । श्री गणेश प्राकट्य कमेटी की ओर से 14वां श्री गणेश महोत्सव का आयोजन 2 सितम्बर से 12 सितम्बर तक झूलेलाल वाटिका निकट हनुमान सेतु के पास किया जायेगा। मनौतियों के राजा के नाम से होने वाला शहर का सबसे बड़ा श्री गणेश महोत्सव के लिए विशाल पण्डाल कोलकाता के कारीगरों द्वारा तैयार हो रहा है। यह जानकारी कार्यक्रम स्थल पर शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में संरक्षक भारत भूषण गुप्ता ने दी। उन्होंने बताया कि हर साल करीब एक लाख चिट्ठियां लिखी जाने वाले बप्पा के दरबार में लगभग चार से पांच लाख भक्तों के आने की उम्मीद है। इस बार बप्पा का पण्डाल ‘अखण्ड भारत का सपना’ साकार करते हुए तथा अनेकता में एकता’ थीम पर तैयार हो रहा है।
महिला एवं बच्चों के लिए विशेष झूले

उन्होंने बताया कि पिछले वर्षो की भांति इस बार भी गणेश प्रतिमा का भू विसर्जन होगा। जिससे लोगों में यह सन्देश जाये कि नदियों को प्रदूषित नही करना है। भारत भूषण गुप्ता ने बताया कि उत्सव में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु अपनी मनौती की चिट्ठी लिखते हैं। करीब 14 हजार वर्ग फुट पण्डाल में होने वाले उत्सव में बप्पा का 80 फुट ऊंचा वाटरफ्रुफ पण्डाल तैयार हो रहा है। 10-10 वर्गफुट की करीब सौ दुकाने सज रही है जिन पर बड़े बूढे, बच्चों एवं महिलाओं के लिये चाट, फास्ट-फ्रूड एवं आइस्क्रीम की दुकाने व उनके पसन्द की सामग्री भी मिलेगी। पण्डाल के बाहर महोत्सव का रुप दिया जा रहा है। महिला एवं बच्चों के लिए विशेष प्रकार के झूले, लगाए जा रहे हैं।
गजानन की ज्वेलरी, पण्डाल का तथा सामान्य बीमा है

संरक्षक देशराज अग्रवाल ने बताया इस बार कमेटी की ओर से एक प्रसाद का स्टाल लगेगा जिस पर भगवान गजानन को चढ़ाने के लिए मोदक कम पैसे में भक्तों को प्राप्त हो सकेगा। उन्होंने बताया पण्डाल का बीमा पहले की तरह इस बार भी 10 करोड़ का कराया गया है। जिसमें गजानन की ज्वेलरी, पण्डाल का तथा सामान्य बीमा है।संरक्षक घनश्याम अग्रवाल ‘‘गुड्डा’’ ने बताया कि गजानन के दर्शन करने के लिये आने वाले वृद्धों एवं दिव्यांगों को लाइन नही लगानी पड़ेगी। कमेटी द्वारा उन्हें दर्शन कराया जायेगा। पण्डाल के चारो तरफ छह फुट ऊंची बेरीकेटिंग की जायेगी तथा 50 सीसी टीवी कैमरे और लगभग 80 सुरक्षाकर्मियों के पहरे में लगाया जायेगा। उन्होंने बताया कि विगत वर्षो की भांति इस बार भी मनोतियों के राजा श्री गजानन के नाम चिट्ठी प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 6ः00 बजे तक श्रद्धालु लिख सकते हैं। उन्होंने बताया कि इसममें प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु अपनी मनौती की चिट्ठी लिखते हैं।
मूर्ति को सिद्ध विनायक का रुप

महामंत्री सतीश अग्रवाल ने बताया कि झूलेलाल वाटिका गोमती तट पर होने वाले पहले गणेशोत्सव में इस बार लेजर लाईट एवं एलईडी लाईटें आकर्षण का केन्द्र रहेंगी। कोलकाता से आये कारीगर पिछेले एक माह सजाने में लगे है। लाइटें भी नई डिजाइन की आयी है जो जलते ही लोगों को आकर्षित करेंगी। उन्होंने बताया कि मनौतियों के राजा के नाम से होने वाला सबसे बड़े गणेश उत्सव के लिए स्थापित होने वाली गजानन की सबसे बड़ी प्रतिमा लगभग छह से सात फीट ऊंची राजधानी के मूर्तिकार श्रवण प्रजापति की देखरेख में कारीगर तैयार कर रहे हैं। मूर्ति को सिद्ध विनायक का रुप दिया गया है।

संरक्षक सुरेन्द्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि 11 दिनों तक चलने वाले महोत्सव की शुरुआत 2 सितम्बर को प्रातः 9ः30 बजे मूर्ति स्थापना, श्रंगार एवं पूजन के साथ उत्सव का आगाज होगा। उन्होंने बताया कि श्रंगार एवं आरती प्रतिदिन प्रातः 10 बजे एवं सायं 6ः00 बजे होगी। इसमें सभी श्रद्धालु भाग ले सकते हैं। इसके अलावा प्रतिदिन प्रातः 8ः00 बजे से प्रातः 9ः30 बजे तक, उसके बाद प्रातः 10 :00 बजे से अपरान्ह 5ः00 बजे तक एवं सायं 6ः00 बजे से रात्रि 11ः00 बजे तक मनौतियों के
राजा के दर्शन होंगे।
मुख्य आयोजन

कमेटी के अध्यक्ष राजेश बंसल ने बताया कि उत्सव में प्रतिदिन कोलकाता के श्री संजय शर्मा और लखनऊ के सिद्धू महाराज के निर्देशन में सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन, नृत्य नाटिका का मंचन होगा। नृत्य नाटिका में इस बार जल संरक्षण, पाॅलीथीन मुक्त भारत, बेटी बचाओं-बेटी पढ़ाओं, स्वच्छता अभियान, तीन तलाक, अनेकता में एकता, धारा 370 पर आधारित नृत्य नाटिका का मंचन होगा। उन्होंने बताया कि 12 सितम्बर को शोभा यात्रा झूलेलाल वाटिका से प्रारम्भ होकर विश्वविद्यालय मार्ग, आईटी चैराहा, रामकृष्ण मठ, शंकरनगर, नजीरगंज, डालीगंज होते हुये झूलेलाल वाटिका पर समाप्त होगी। विसर्जन शोभा यात्रा निकलने के बाद गणेश प्रतिमा का झूलेलाल वाटिका के पास भू विसर्जन किया जायेगा।
उत्सव के मुख्य आकर्षण

3 सितम्बर को गजरा, रात्रि 8ः00 बजे,
5 सितम्बर पाशांकुश पूजन मध्यान्ह 12 बजे
6 सितम्बर दूर्वाभिषेक, मध्यान्ह 12 बजे,
7 सितम्बर छप्पन भोग, रात्रि 8 बजे
9 सितम्बर सिन्दूराभिषेक मध्यान्ह 12 बजे,
11 सितम्बर महाभिषेक मध्यान्ह 12 बजे,
महामोदक रात्रि 8ः00 बजे।

Hindi News/ Lucknow / #Ganesh Chaturthi :झूलेलाल वाटिका पर श्री गणेश महोत्सव सोमवार से

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो