scriptसपा-बसपा गठबंधन की सीटों का ऐसा होगा बंटवारा, ईस्ट और वेस्ट में बजेगा अखिलेश-मायावती का डंका! | Loksabha Chunav 2019 SP BSP Alliance candidate seat distribution list | Patrika News
लखनऊ

सपा-बसपा गठबंधन की सीटों का ऐसा होगा बंटवारा, ईस्ट और वेस्ट में बजेगा अखिलेश-मायावती का डंका!

यूपी में बसपा उन सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जिन सीटों पर दलित-मुस्लिम वोटर्स का दबदबा है, वहीं, सपा ने ऐसी सीटें चुनी हैं, जहां यादव-मुस्लिम मतदाताओं की संख्या ज्यादा है

लखनऊJan 14, 2019 / 03:17 pm

Hariom Dwivedi

SP BSP Alliance

सपा-बसपा गठबंधन की सीटों का ऐसा होगा बंटवारा, ईस्ट और वेस्ट में बजेगा अखिलेश-मायावती का डंका

लखनऊ. मायावती के जन्मदिन पर सपा-बसपा गठबंधन की सीटों के बंटवारे का ऐलान किया जा सकता है। माना जा रहा है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में बसपा सुप्रीमो सुरक्षित व पश्चिमी उत्तर प्रदेश संभालेंगी, वहीं पूर्वांचल व अवध की ज्यादातर सीटें जिताने का जिम्मा अखिलेश यादव के कंधों पर रहेगा। बुंदेलखंड, अवध व पूर्वांचल समेत यूपी की 17 सीटें ऐसी हैं, जो अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। इन पर बसपा अपने प्रत्याशियों को उतार सकती है। बसपा के कोटे की बाकी बची 21 सीटें में से अधिकतर सीटें उसे पश्चिम यूपी से मिलेंगी। समाजवादी पार्टी अवध और पूर्वांचल की सीटों पर अपना दावा करेगी। बरेली मंडल और लखनऊ मंडल में दोनों दल बराबर सीटों पर चुनाव लड़ सकते हैं।
उत्तर प्रदेश में बसपा उन सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जिन सीटों पर दलित-मुस्लिम वोटर्स का दबदबा है। वहीं, सपा ने ऐसी सीटें चुनी हैं, जहां यादव-मुस्लिम मतदाताओं की संख्या ज्यादा है। इनके अलावा दोनों दलों को सपा-बसपा के कोर वोट भी मिलेंगे। जानकारी के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तीन मंडलों की 14 लोकसभा सीटों में से आठ सीटों पर बहुजन समाज पार्टी, चार सीटों पर समाजवादी पार्टी और दो सीटों पर राष्ट्रीय लोकदल चुनाव लड़ेगा। बसपा के खाते में जो सीटें आई हैं, उनमें बुलंदशहर, बिजनौर, मेरठ, सहारनपुर, अमरोहा, नगीना, गौतमबुद्धनगर और अलीगढ़ सीटें शामिल हैं। हाथरस व एटा से सपा के लड़ने की संभावना है। आगरा मंडल में सपा, मैनपुरी और फिरोजाबाद से, वहीं फतेहपुर सीकरी से बसपा व आगरा सीट पर चुनाव लड़ेगी। बुंदेलखंड की चार में से तीन सीटों पर बसपा और एक सीट पर सपा चुनाव लड़ सकती है।
कानपुर, इटावा, कन्नौज और फर्रुखाबाद सीट सपा के खाते में जा सकती है। कानपुर देहात की अकबरपुर सीट पर बसपा का दावा मजबूत है। लखनऊ क्षेत्र में सपा लखनऊ से और बसपा मोहनलाल गंज से चुनाव लड़ सकती है। देवीपाटन मंडल में की चारों सीटें गोंडा, बहराइच, श्रावास्ती और कैसरगंज सपा के खाते में जाती दिख रही हैं, वहीं फैजाबाद मंडल की अंबेडकरनगर और सुलतानपुर सीट पर बसपा प्रत्याशी के चुनाव लड़ाने की तैयारी है।
बस्ती मंडल की डुमरियागंज सीट को छोड़कर शेष सीटों पर समाजवादी पार्टी चुनाव लड़ेगी। गोरखपुर, बलिया और आजमगढ़ में सपा तो बांसगांव, लालगंज व घोषी में बसपा प्रत्याशी चुनाव लड़ सकते हैं। इसके अलावा जौनपुर में सपा और मछलीशहर में बसपा प्रत्याशी को मौका मिल सकता है। इसके अलावा मिर्जापुर-सोनभद्र, चंदौली-वाराणसी, देवरिया-सलेमपुर की एक-एक सीट दोनों दलों के खाते में जा सकती है। बागपत और मथुरा की सीट आरएलडी के अजित सिंह और जयंत चौधरी के लिए छोड़ी गई हैं। आरएलडी अगर कांग्रेस संग गठबंधन करती है तो सपा-बसपा गठबंधन इन सीटों पर अपना उम्मीदवार उतार सकता है।
2014 में सपा-बसपा का प्रदर्शन
2014 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के पांच कैंडिडेट चुनाव जीते थे, जबकि 31 सीटों पर पार्टी के कैंडिडेट दूसरे नंबर पर रहे थे। उस चुनाव में सपा को कुल 22.2 फीसदी वोट मिले थे। पिछले लोकसभा चुनाव में बसपा भले ही कोई सीट नहीं जीत सकी हो, लेकिन पार्टी के 34 कैंडिडेट दूसरे नंबर पर रहे थे और पार्टी को करीब 20 फीसदी वोट मिले थे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो