scriptGood News : 36 हजार करोड़ रुपए के गंगा एक्सप्रेस को मंजूरी, 120 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन भर सकेंगे फर्राटा | Lucknow UP Top News breaking news UP big news | Patrika News
लखनऊ

Good News : 36 हजार करोड़ रुपए के गंगा एक्सप्रेस को मंजूरी, 120 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन भर सकेंगे फर्राटा

– यूपी की अब तक की बड़ी खबरें।

लखनऊSep 03, 2021 / 10:07 am

Sanjay Kumar Srivastava

लखनऊ में रेलवे का दोहरीकरण कार्य 13 सितंबर तक कई रूट ब्लॉक

लखनऊ में रेलवे का दोहरीकरण कार्य 13 सितंबर तक कई रूट ब्लॉक

लखनऊ. पत्रिका उत्तर प्रदेश का सभी पाठकों को सुबह सुबह का नमस्कार। आप सभी स्वस्थ्य रहें। खुश रहें। आपका दिन शुभ हो। आज शुक्रवार तारीख 3 सितम्बर है। दिन की शुरुआत से पहले आइए जान लेते हैं यूपी की आज की प्रमुख खबरें।
36 हजार करोड़ रुपए के गंगा एक्सप्रेस को स्वीकृति

प्रदेश सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले 594 किमी. लंबे मेरठ से प्रयागराज तक छह लेन ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे परियोजना के निर्माण की तैयारी तेज कर दी है। प्रदेश कैबिनेट ने विकासकर्ताओं के चयन के लिए अंतिम तौर पर ग्रुप वार रिक्वेस्ट फॉर क्वालिफिकेशन (आरएफ क्यू) व रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफ पी) अभिलेखों को अनुमोदित कर दिया है। यह एक्सप्रेस-वे पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड पर डिजाइन-बिल्ड-फाइनेंस-आपरेट एंड ट्रांसफर (डीबीएफ ओटी) के आधार पर चार ग्रुप में बनेगा। बिडिंग कार्यवाही पूरी होते ही अक्तूबर बाद कभी भी इसका शिलान्यास किया जा सकेगा। गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण 6 लेन में होगा। इसका 8 लेन तक विस्तार किया जा सकेगा। इस एक्सप्रेस-वे पर 120 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन फर्राटा भर सकेंगे। 594 किमी. लंबा एक्सप्रेस-वे चार ग्रुप में तैयार होगा। प्रत्येक ग्रुप में 3 पैकेज होंगे। 9 स्थानों पर जन सुविधा परिसर, मेरठ व प्रयागराज में दो मुख्य टोल प्लाजा व 15 रैंप टोल प्लाजा बनेंगे।
फिरोजाबाद में अब तक 67 की मौत, तीन डॉक्टरों निलंबित

फिरोजाबाद में डेंगू और बुखार के डंक से मौतों का सिलसिला थमा नहीं रहा है। गुरुवार को नौ और मौतें हो गईं। अब कुल मृतकों की संख्या 67 पहुंच चुकी है। डीएम ने लापरवाही बरतने वाले तीन डॉक्टरों को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को हुई मौतों में डेढ़ माह का नवजात और एक महिला भी शामिल है।
लखनऊ में रेलवे का दोहरीकरण कार्य 13 सितंबर तक कई रूट ब्लॉक

लखनऊ में दोहरीकरण कार्य को लेकर रेलवे प्रशासन ने 13 सितंबर तक कई रूट को ब्लॉक दिया है। इससे करीब आधा दर्जन रूटों पर रेल सेवाएं बाधित होंगी। यात्रियों की दिक्कतों को देखते हुए परिवहन निगम के लखनऊ क्षेत्र ने अतिरिक्त सेवाओं को चलाने का फैसला लिया है। इसके लिए 50 अतिरिक्त बसों को चला दिया गया है। यात्रियों की उपलब्धता के आधार पर बसों की संख्या को जरूरत के मुताबिक बढ़ा दिया जाएगा।
यूपी के 17 जिलों के 1024 गांवों में बाढ़ का कहर

प्रदेश के 17 जिले बाढ़ के कहर से जूझ रहे हैं। इन जिलों के 1024 गांव बाढ़ की विभीषिका झेल रहे हैं। इनमें से 207 गांवों के संपर्क मार्ग बाढ़ से कट गए हैं। घाघरा एल्गिनब्रिज (बाराबंकी) व तुर्तीपार (बलिया), राप्ती बांसी (सिद्धार्थनगर) व बर्डघाट (गोरखपुर) में खतरे के जलस्तर से ऊपर बह रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्वी उप्र के कुछ जिलों में बाढ़ व अत्यधिक बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य पूरी तत्परता से संचालित करने का निर्देश दिया है।
बिजली उपभोक्ताओं का बढ़ेगा लोड, देना होगा ज्यादा बिल

उत्तर प्रदेश के 4.44 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ताओं को अगस्त से ज्यादा बिजली के बिल का भुगतान करना पड़ सकता है। बिजली कंपनियां इन उपभोक्ताओं का लोड बढ़ाने जा रही हैं। प्रदेश में 4,44,397 ऐसे उपभोक्ता चिह्नित किए गए हैं जिनका मई से जुलाई 21 में लगातार तीन माह तक स्वीकृत से ज्यादा भार दर्ज हुआ है। इन उपभोक्ताओं का लोड बढ़ाने के लिए नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है।
सरकार पर सांसद शफीकुर्रहमान का निशाना

सम्भल से सपा सांसद डा. शफीकुर्रहमान बर्क एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने भारत सरकार के तालिबान से वार्ता करने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि मैंने तालिबान पर बात की तो मुझ पर मुकदमे लगा दिए गए। मुझे गद्दार बताया गया, लेकिन अब तो सरकार खुद तालिबान से बात कर रही है। क्या इनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज होगा। अगर होगा तो कौन सी धारा लगेंगी। मैं अपनी कौम के लिए फांसी पर भी लटकने के लिए तैयार हूं।

Home / Lucknow / Good News : 36 हजार करोड़ रुपए के गंगा एक्सप्रेस को मंजूरी, 120 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन भर सकेंगे फर्राटा

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो