scriptकांग्रेसियों में जोश भरने में जुटे प्रियंका और सिंधिया, इस रणनीति से विरोधियों को पस्त करने की है तैयारी | priyanka gandhi and scindia 2019 election strategy revealed | Patrika News
लखनऊ

कांग्रेसियों में जोश भरने में जुटे प्रियंका और सिंधिया, इस रणनीति से विरोधियों को पस्त करने की है तैयारी

उत्तर प्रदेश में चुनावी बिगुल फूंकने से पहले प्रियंका गांधी वाड्रा और ज्योतिरादित्य सिंधिया का पूरा ध्यान चुनावी समीकरण दुरुस्त करने पर है

लखनऊFeb 24, 2019 / 04:13 pm

Hariom Dwivedi

priyanka gandhi and scindia

कांग्रेसियों में जोश भरने में जुटे प्रियंका और सिंधिया, इस रणनीति से विरोधियों को पस्त करने की है तैयारी

लखनऊ. उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी वाड्रा और ज्योतिरादित्य सिंधिया की पॉलिटिकल एंट्री के बाद से कांग्रेसी कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ चुनावी तैयारियों में जुटे हैं। लखनऊ में रोड शो के बाद से प्रियंका और सिंधिया लगातार सक्रिय हैं। वह अपने-अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं और उन्हें जीत का मंत्र दे रहे हैं। यही कारण है कि शिवपाल यादव की पार्टी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी समेत कई दल कांग्रेस से गठबंधन करने को उत्साहित हैं। अन्य दलों के नाराज नेता भी कांग्रेस की ओर ही रुख कर रहे हैं। गौरतलब है बीते दिनों कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी को पूर्वी यूपी और ज्योतिरादित्य सिंधिया को पश्चिमी यूपी का लोकसभा चुनाव प्रभारी बनाया गया है।
रविवार को शिवपाल यादव ने कांग्रेस से गठबंधन के संकेत दिये। उन्होंने कहा कि प्रगतिशील समाजवादी पार्टी कांग्रेस से गठबंधन को तैयार है। माना जा रहा है कि जल्द कांग्रेस और शिवपाल की पार्टी के बीच गठबंधन का औपचारिक एलान हो सकता है। प्रियंका भी छोटे दलों से गठबंधन करने को तैयार हैं। शनिवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका ने पीस पार्टी और महान दल के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर गठबंधन पर चर्चा की। बैठक में पीस पार्टी के अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद अयूब और महान दल के प्रमुख केशव मोर्य दोनों मौजूद थे। इस दौरान कांग्रेस के राज्यसभा सांसद उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ नेता डा संजय सिंह भी मौजूद रहे। सू्त्रों की मानें तो प्रसपा लोहिया की तरह ही दोनों दल कांग्रेस संग मिलकर चुनाव लड़ने को तैयार हैं। शिवपाल की पार्टी के अलावा पीस पार्टी और महान दल पूर्वी उत्तर प्रदेश की कई सीटों को प्रभावित कर सकते हैं।
प्रियंका का ध्यान चुनावी समीकरण दुरुस्त करने पर
पूर्वी उत्तर प्रदेश में चुनावी बिगुल फूंकने से पहले प्रियंका का पूरा ध्यान चुनावी समीकरण दुरुस्त करने पर है। प्रियंका की नजर यूपी के उन छोटे दलों पर है जो सपा-बसपा गठबंधन का हिस्सा नहीं हैं और एनडीए से नाराज चल रहे हैं। उनकी नजर योगी सरकार के नाराज सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी और अपना दल (एस) पर भी है। सपा-बसपा गठबंधन के बाद से टिकट न मिलने से नाराज इन दलों के नेता भी कांग्रेस की ओर रुख कर रहे हैं।
कांग्रेस में शामिल हुए बसपा के पूर्व राज्यमंत्री
26 वर्षों तक बसपा में रहे दर्जा प्राप्त पूर्व राज्यमंत्री देवेंद्र कुमार चिल्लू ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने समर्थकों संग उनको कांग्रेस की सदस्यता दिलवाई। सूत्रों की मानें तो चिल्लू आगरा सुरक्षित सीट से टिकट की मांग कर रहे थे, लेकिन चर्चा है कि पार्टी सुप्रीमो मायावती यहां से मनोज सोनी का टिकट पक्का कर दिया है। ऐसे में उन्होंने हाथी का साथ छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया। बसपा संगठन में कई महत्वपूर्व पदों पर रहे देवेंद्र कुमार चिल्लू वर्ष 2008 में मायावती सरकार में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री बने थे। चिल्लू जिलाध्यक्ष व जिला प्रभारी के पद पर भी रह चुके हैं। कांग्रेस से टिकट की आस लगाये पूर्व मंत्री ने समर्थकों संग बसपा से किनारा कर लिया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो