
लखनऊ. हाल ही में यूपी बोर्ड व सीआईएससी बोर्ड के नतीजे आए। यूपी में रहने वाले ज्यादातर टॉपर्स की इच्छा या तो विदेश में पढ़ने की है। या फिर आईआईटी, एनआईटी के अलावा प्रदेश के बाहर के संस्थानों में पढ़ने की है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर यूपी में रहकर क्यों नहीं पढ़ना चाहते अधिकतर टॉपर्स। खासतौर से आईएससी टॉपर्स के मन में विदेश के बाद दिल्ली, मुंबई व बेंगलुरु सेकेंड चॉइस हैं। आइए जानते हैं आखिर क्या हैं इसके पीछे के कारण-
'विदेशी संस्थानों में हैं ज्यादा ब्राइट फ्यूचर'
साइंस व आर्ट साइड के छात्रों की पहली पसंद विदेश संस्थान हैं। आईएससी में सेंकेंड टॉपर सीएमएस महानगर के छात्र इंब्राहिम कमाल का लक्ष्य विदेश से इंजीनियरिंग की पढ़ाई का है। उन्होंने पांच विदेशी यूनिवर्सिटी में कंप्यूटर साइंस में बीटेक के लिए एप्लाई किया है। उनके मुताबिक, विदेशी संस्थानों में जॉब अपॉर्च्युनिटी यहां के संस्थानों के मुकाबले ज्यादा हैं।
आईएससी बोर्ड की ऑल इंडिया टॉपर सीएमएस की छात्रा राधिका चंद्रा के मुताबिक वह मेडिकल की पढ़ाई करने के लिए यूएस जाएंगी। फिलहाल उन्हें नीट के रिजल्ट का इंतजार है लेकिन विदेश जाकर पढ़ाई करने का ख्वाब भी पूरा करना है। राधिका के मुताबिक उनके ज्यादातर बैचमेट भी विदेश से पढ़ाई करने का प्लान कर चुके हैं। बेहतर सैलरी पैकेज ही सबका मुख्य कारण है। सीएमएस स्कूल के 45 बच्चों ने विदेश से पढ़ाई करने के लिए आवेदन किया है।
एसकेडी एकेडमी की टॉपर आरुषी का कहना है कि भारत के टॉप शिक्षण संस्थानों में एप्लाई करने वाले कैंडिडेट्स के मुकाबले सीटें कम हैं जबकि विदेशी संस्थानों में एडमिशन लेना इतना मुश्किल नहीं है। यही कारण है कि अब छात्र पहली प्रिफरेंस विदेश संस्थानों को दे रहे हैं।
ये है कारण
करियर काउंसलर आदित्य रस्तोगी का कहना है कि ज्यादातर टॉपर्स प्लेसमेंट और सैलरी पैकेज को ध्यान में रखते हुए बाहर के संस्थानों में एडमिशन लेने की इच्छा जता रहे हैं। यहां के शिक्षण संस्थानों को लेकर उनके मन में शायद ये है कि कम सैलरी पैकेज में उनका प्लेसमेंट होगा।
यूपी से निकले कई टॉपर्स
इस बार आईसीएसई व आईएससी बोर्ड रिजल्ट में में यूपी की बेटियों ने परचम लहराया। बारहवीं में यूपी की चार लड़कियां ऑल इंडिया टॉपर बनीं तो वहीं हाइस्कूल में दो लड़कियों ने टॉप फाइव में जगह बनाई। राजधानी के सिटी मांटेसरी स्कूल (सीएमएस) की छात्राएं राधिका चंद्रा, समन वहीद व छात्र साक्षी प्रद्युम्न ने इस परीक्षा में संयुक्त रूप से टॉप किया है। वहीं लखीमपुर की लिपिका अग्रवाल भी टॉपर रहीं तीनों विद्यार्थियों ने 99.50 फीसदी अंक प्राप्त कर राजधानी का नाम रोशन किया है।दरसअल बारहवीं में पहली रैंक देश भर में सात छात्रों की आई है जिसमें चार यूपी से हैं।
ये संस्थान हैं पहली पसंद
यूनिवर्सिटी ऑफ ब्रिटिश कोलंबिया, कनाडा
यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया
यूनिवर्सिटी ऑफ एडिनबर्ग, स्कॉटलैंड
एलबर्टा यूनिवर्सिटी, कनाडा
ये संस्थान है दूसरी पंसद
दिल्ली यूनिवर्सिटी, दिल्ली
सेंट जेवियर्स कॉलेज, मुंबई
जय हिंद कॉलेज, मुंबई
क्राइस्ट यूनिवर्सिटी, बेंगलुरु
Published on:
17 May 2018, 4:57 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.