scriptथाने में चल रही थी पत्नी से पंचायत , अचानक पति ने उठा किया खतरनाक कदम, मचा हड़कंप | Panchayat was going on with the wife in the police station, suddenly the husband took a dangerous step, causing a stir | Patrika News
महाराजगंज

थाने में चल रही थी पत्नी से पंचायत , अचानक पति ने उठा किया खतरनाक कदम, मचा हड़कंप

जिले में हैरान करने वाली घटना हुई है। यहां कोल्हुई थाने में पत्नी और पति के बीच हुए विवाद को लेकर पंचायत चल रही थी, इसी बीच पति ने अचानक अपनी जेब से ब्लेड निकाला और गले पर घाव कर लिया। खून बहता देख थाने में हड़कंप मच गया।

महाराजगंजMay 28, 2024 / 10:12 am

anoop shukla

जिले के कोल्हुई थाना में पत्नी से विवाद की पंचायत के दौरान भड़के पति ने जेब से ब्लेड निकाल अपना गला काट लिया। इससे थाने में हड़कंप मच गया। उसकी हरकत से पुलिसकर्मी सकते में आ गए।
आनन-फानन में इलाज के लिए पुलिस उसे लक्ष्मीपुर सीएचसी ले गई। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां उसका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों ने घायल की हालत सामान्य बताई है।
कोल्हुई कस्बा निवासी दीपक उर्फ भोनू व रूक्मिणी के बीच छह साल पहले शादी हुई थी। दोनों से दो बेटी और एक बेटा है। पति कोल्हुई कस्बे में ही लस्सी की दुकान लगाता है। घर-गृहस्थी व बच्चों की परवरिश में आर्थिक तंगी को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर मुनमुटाव हो जाता है। पति पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाकर पत्नी ने कोल्हुई थाना में प्रार्थना पत्र देते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई।
सोमवार को पुलिस ने काउंसलिंग के लिए दोनों पक्षों को थाने पर बुलाया। पति-पत्नी दोनों गोलंबर में बने महिला हेल्प डेस्क पर बैठे थे। परिजन व करीबी लोग भी पंचायत में आए। एक महिला सिपाही दोनों से पूछताछ कर रही थी। उसी दौरान पति जेब से ब्लेड निकाल अपने गले पर रेत दिया। इससे खून निकलने लगा। उसकी हरकत से पुलिसकर्मी सकते में आ गए। महिला सिपाही ने उससे ब्लेड छीनकर कटे हुए स्थान पर कपड़ा बांधा। पुलिसकर्मी उसे उपचार के लिए लक्ष्मीपुर सीएचसी पर ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद युवक को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
इस संबंध में एसपी सोमेन्द्र मीना ने बताया कि पति-पत्नी पंचायत कर रहे थे। उसी दौरान पति ने ब्लेड से अपना गला काटने का प्रयास किया। ब्लेड लगने से गले हल्का जख्म हो गया। इलाज के लिए उसे अस्पताल भेजा गया। उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। एसपी ने बताया कि युवक कई बार पहले भी खुद को चोट पहुंचा चुका है।

Hindi News/ Mahrajganj / थाने में चल रही थी पत्नी से पंचायत , अचानक पति ने उठा किया खतरनाक कदम, मचा हड़कंप

ट्रेंडिंग वीडियो