रुपये की कमजाेरी बन सकती है समस्या
कमोडिटी विश्लेषकों के अनुसार, मजबूत विदेशी संकेतों से बुधवार को घरेलू वायदा बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर कच्चे तेल की तेजी बढ़ने की पूरी संभावना है। एमसीएक्स पर मंगलवार को सितंबर डिलीवरी कच्चा तेल वायदा अनुबंध 126 रुपये यानी 2.56 फीसदी की तेजी के साथ 5,042 रुपये प्रति बैरल पर बंद हुआ था। उधर, रुपया बुधवार को डॉलर के मुकाबले फिर फिसलकर रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया। पिछले सत्र से 11 पैसे कमजोरी के साथ रुपया डॉलर के मुकाबले 72.80 पर खुला और 72.88 तक लुढ़क गया जो अब तक का सबसे निचला स्तर है। अमरीकी पेट्रोलियम इंस्टीट्यूट यानी एपीआई की मंगलवार की रिपोर्ट के अनुसार अमरीका में सात सितंबर को तेल का भंडार 86 लाख बैरल घटकर 39.59 करोड़ बैरल रह गया। हालांकि, कच्चा तेल उत्पादन को लेकर अमरीकी उर्जा विभाग इनर्जी इंफार्मेशन एडमिनिस्ट्रेशन यानी ईआईए की रिपोर्ट बुधवार को आने पर तेल के दाम को नई दिशा मिल सकती है।