
मेरठ. गर्मी में एसी की ठंडी हवा तो सभी ने महसूस की होगी, लेकिन एसी से सांप के बच्चे निकले ऐसा न देखा गया और न ही आज तक सुना होगा। मेरठ के पावली गांव मे एक ऐसा ही मामला सामने आया है। जहां एक घर में लगे एसी के पानी की पाइप से सांप के बच्चे निकले। एक-एक कर जब सांप के बच्चे निकलने लगे तो घर वाले देखकर आश्चर्यचकित हो गए। एसी से सांप के बच्चे निकलने की घटना जब ग्रामीणों को लगी तो हड़कंप मच गया। लोगों की भीड़ सांप के बच्चों को देखने के लिए जुट गई। एसी के पाइप से एक-एक करीब 40 से अधिक सांप के बच्चे निकले। इन सभी बच्चों को एकत्र कर जंगल में छोड़ दिया गया है।
पावली खुर्द निवासी श्रद्धानंद पुत्र दयानंद के घर पर एसी लगा हुआ है। श्रद्धानंद के मुताबिक, बीती सोमवार की रात परिवार के लोग सोने के लिए कमरे में पहुंचे तो उन्हे बिस्तर पर सांप का एक बच्चा चलता हुआ दिखाई दिया। ध्यान से देखने पर उन्हें दूसरा बच्चा एसी के पाइप से निकलता दिखा। इस पर परिजनों ने एसी का पाइप खोला तो उसके भीतर से एक के बाद एक सांप के 40 से ज्यादा बच्चे निकले।
एसी से सांप के बच्चों के निकलने की खबर थोड़ी ही देर में गांव में फैल गई। श्रद्धानंद के घर पर भीड़ जमा हो गई। बाद में परिजन ने सभी बच्चों को जंगल में छोड़ दिया। एक साथ एसी से इतने सांप के बच्चों के निकलने की चर्चा आसपास के क्षेत्र में भी रही। इस बारे में डीएफओ अदिति शर्मा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगे एसी में अमूमन सांप घुस जाया करते हैं। प्रजनन के दौरान ये सांप उसी में अपना अंडे भी दे देते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में घरों में लगे एसी की देखभाल काफी सतर्कता से करनी चाहिए। गांव के आसपास जंगल होते हैं। इसलिए ऐसी घटनाएं हो जाती हैं।
Published on:
3 Jun 2020, 1:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.