मेरठ

मास्क नहीं लगाने पर दो दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ केस दर्ज, हो सकती है दो साल तक जेल

Highlights
– बिना मास्क लगाए घर से निकलने वालों के खिलाफ सख्त हुई पुलिस
– मेरठ में 27 लोगों पर मुकदमे दर्ज
– एसपी सिटी बोले- सभी थाना प्रभारियों को मास्क नहीं लगाने वालों के खिलाफ सख्ती के आदेश

मेरठApr 10, 2020 / 01:01 pm

lokesh verma

मेरठ. सरकार की अपील लोगों पर बेअसर साबित हो रही है। लोगों से आग्रह करने के बाद भी वे बिना मास्क घर से बाहर निकल रहे हैं। इससे वे खुद के जीवन से खिलवाड़ तो कर ही रहे हैं। इसके साथ ही अन्य लोगों के जीवन के लिए भी खतरा पैदा कर रहे हैं, लेकिन अब प्रशासन ने ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्यवाही करने का निर्णय ले लिया है। निर्देश के बाद भी जो बिना मास्क के घर से बाहर निकलेगा उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज होगा और उसे छह माह से लेकर दो साल तक की सजा हो सकती है। इसकी शुरूआत प्रशासन ने गत गुरूवार को कर दी। जब एक ही दिन में बिना मास्क के 27 लोगों पर मुकदमे दर्ज किए गए।
यह भी पढ़ें- मेरठ में 3 जमाती समेत आधा दर्जन लोगों में कोरोना की पुष्टि, 43 पहुंची मरीजों की संख्या

अब सरकार ने कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ने के साथ-साथ हर व्यक्ति के लिए मास्क जरूरी कर दिया है। गत गुरुवार को मास्क नहीं लगाने वाले 27 लोगों पर 17 मुकदमे में पुलिस ने दर्ज किए हैं, जिनमें से तीन मुकदमे अकेले लिसाड़ीगेट में दर्ज हुए हैं। आज शुक्रवार से पूरी तरह आदेश का पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
अभी तक लॉकडाउन का पालन नहीं करने वाले लोगों के खिलाफ जनपद में 500 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। गुरुवार को पुलिस ने बेवजह सड़क पर घूमने वालों के साथ-साथ मास्क नहीं पहनने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाया। पहले ही दिन कुछ लोगों को चेतावनी देकर भी छोड़ा गया है। उसके बावजूद भी जनपद में 27 लोगों पर 17 मुकदमे दर्ज किए गए। सभी लोगों पर तीन महामारी एक्ट में कार्रवाई की गई है। जिसमें छह माह से दो साल तक की सजा हो सकती है।
एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को मास्क नहीं लगाने वालों के खिलाफ सख्ती के आदेश दिए हैं। जो भी बिना मास्क के दिखाई देगा उसके खिलाफ सीधा मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम लोगों से अपील कर रहे हैं कि बिना मास्क के कोई भी घर से बाहर नहीं निकले।
यह भी पढ़ें- लॉकडाउन के चलते इस साल नहीं सताएगी भीषण गर्मी, अप्रैल की शुरुआत में ही टूटा 15 साल का रिकॉर्ड
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.