
मेरठ। स्वाइन फ्लू के कहर से लोग दहशत में हैं। लोग घरों से मास्क पहनकर ही बाहर निकल रहे हैं। स्वाइन फ्लू की रोकथाम के लिए हालांकि स्वास्थ्य विभाग इंतजाम करने में जुटा हुआ है, लेकिन इसके बाद भी स्वाइन फ्लू स्वास्थय विभाग की गिरफ्त से बेकाबू है। मेरठ के पीएसी बटालियन में एक साथ दर्जन से अधिक पीएसी जवानों को स्वाइन फ्लू पाजिटिव होने के बाद सरकार ने इसको संज्ञान में लिया। जिसके चलते लखनऊ से विभाग की एक टीम जांच के लिए मेरठ पहुंची हुई है। सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि तीन सदस्यीय टीम मेरठ लखनऊ से आई है। जिसमें दो ज्वाइंट डायरेक्टर और एक डायरेक्टर स्तर के अधिकारी हैं।
मेरठ में स्वाइन फ्लू के अभी तक 77 मरीज मिले हैं। इनमें कुल 12 मरीजों की मौत हो चुकी है। इसमें नौ मेरठ जनपद के हैं। मरीजों का आंकड़ा बढ़ता देख लखनऊ से मेरठ पहुंची संचारी विभाग की टीम ने मेडिकल कॉलेज में निरीक्षण किया। टीम ने स्वाइन फ्लू के मरीजों को दी जाने वाली व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान टीम ने बताया कि अभी व्यवस्था बेहतर है। दवाइयों की भी कमी नहीं है। मरीजों का इलाज सही मात्रा में सुचारु रूप से हो रहा है।
टीम ने मेडिकल कालेज के बाद छठी वाहिनी पीएसी पीएसी में जवानों के ट्रीटमेंट की व्यवस्था को परखा। बता दें कि 26 पीएसी जवानों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि के बाद पीएसी कैंपस में ट्रीटमेंट शुरू हुआ था। आज टीम मेडिकल कालेज और जिला अस्पताल में निरीक्षण के लिए पहुंची। अभी टीम दो दिन तक और कैंप करेगी। संचारी विभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर डा. एचके अग्रवाल के नेतृत्व में टीम जिले में बराबर नजर रखे हुए है। इस दौरान सीएमओ डा. राजकुमार टीम के साथ हैं।
Published on:
01 Mar 2020 05:02 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
