
मेरठ। मेरठ रेंज के तीन जिलों के सभी हॉटस्पॉट पर पुलिस व्यवस्था पूरी तरह से दुरुस्त कर दी गई है। आईजी रेंज प्रवीण कुमार ने सभी हॉटस्पॉट की कमान संभाल ली है और उसके बाद सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। आईजी प्रवीण कुमार ने बताया कि रेंज के सभी हॉटस्पॉट को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। अगर कोई कानून का अनुपालन नहीं करेगा तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हैं।
उन्होंने बताया कि मेरठ जिले के हॉटस्पॉट की व्यवस्था देखी गई। रात 12 बजे के बाद से पुलिस ने अपना काम शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि इन हॉटस्पॉट पर रहने वाले लोगों को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होगी। मेरठ के 8 थाना क्षेत्रों के 11 हॉटस्पॉट को सील किया गया है। इन सभी स्थानों पर लोगों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो इसके लिए प्रशासन ने मोबाइल नंबर जारी किए हैं।
बैंक, पेट्रोल पंप, राशन की दुकानें बंद
मेरठ जिले के 8 थाना क्षेत्रों के 11 स्थानों को पूरी तरह से रात 12 बजे के बाद से सील कर दिया गया। एसएसपी अजय साहनी ने देर रात अपनी टीम के साथ सभी 11 स्थानों पर पुलिस की तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने संबंधित थाना अध्यक्षों और सीओ को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। इन सभी स्थानों पर बैरिकेटस लगा दिए गए।
मेरठ के आठ थाना क्षेत्रों में व्यवस्था
एसएसपी ने बताया कि देहात क्षेत्र के थानों में सरूरपुर, सरधना, मवाना और फलावदा है। वहीं महानगर में कोतवाली, लिसाडीगेट, सिविल लाइन और नौचंदी हैं। उन्होंने बताया कि सील किए गए स्थानों पर स्थित बैंक, पेट्रोल पंप के अलावा अन्य सभी प्रतिष्ठान पूरी तरह से बंद रहेंगे। कहीं भी किसी की कोई एंट्री न हीं होगी। इन हॉटस्पॉट पर रहने वाले लोगों को किसी प्रकार की कोई छूट नहीं मिलेगी।
Published on:
9 Apr 2020, 9:47 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.