कंटेनर में प्लास्टिक वेस्ट, खोला तो निकली 10 करोड़ की सिगरेट
डीआरआई विभाग ने विदेश से प्लास्टिक वेस्ट आयात करने के बहाने सिगरेट
मंगाने के घोटाले का पर्दाफाश किया
सूरत। गुजरात में सूरत डीआरआई विभाग ने विदेश से प्लास्टिक वेस्ट आयात करने के बहाने सिगरेट मंगाने के घोटाले का पर्दाफाश किया है। विभाग ने शुक्रवार को सूरत स्थित अदाणी पोर्ट पर दो कन्टेनरों की जांच कर 10 करोड़ रूपए के इम्पोर्टेड सिगरेट जब्त किए। आयातकों ने विभाग को प्लास्टिक के दाने की जानकारी देकर गुमराह करने का प्रयास किया था।
डीआरआई विभाग के सूत्रों के अनुसार विभाग ने शुक्रवार दोपहर अदाणी पोर्ट पर दुबई से आए छह कन्टेनरों की जांच शुरू की। आयातकों ने दो कन्टेनरों में पेपर वेस्ट और चार में प्लास्टिक वेस्ट होने की जानकारी दी थी, जिन कन्टेनरों में प्लास्टिक वेस्ट बताए गए थे, जांच के दौरान उनमें से दुबई से आयात किए गए सिगरेट मिले। इनकी कीमत 10 करोड़ रूपए मानी जा रही है।
यह कन्टेनर वलवाडा स्थित आइसीडी में क्लीयरिंग के लिए जाने वाले थे, लेकिन बीच में ही डीआरआई ने धर दबोचा। शनिवार को डीआरआई विभाग बाकी दो कन्टेनरों की जांच करेगा। विभाग ने आयातकों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। कस्टम विभाग के नियमानुसार विदेश से आयात होने वाली सिगरेट पर भारी कस्टम ड्यूटी लगती है, जो उसकी साइज और प्रकार पर निर्भर होती है। शुक्रवार को जो सिगरेट जब्त की गई, उन पर भी बड़ी रकम की ड्यूटी बनती है।
Hindi News/ Miscellenous India / कंटेनर में प्लास्टिक वेस्ट, खोला तो निकली 10 करोड़ की सिगरेट