
हिमाचल में बर्फबारी से बिगड़ा हालः 650 लोगों को मिली एयरलिफ्ट, अभी भी फंसे 1000 लोग
शिमला। हिमाचल प्रदेश में बीते दो दिनों में बर्फबारी से प्रभावित लाहौल-स्पीति जिले में फंसे 650 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन अभी भी यहां 1000 से ज्यादा लोग फंसे हुए हैं। बाहर निकाले गए लोगों में पांच विदेशी भी शामिल हैं। अधिकारियों ने बुधवार को कहा कि यहां बीते दो दिनों में फंसे तीन लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक गर्भवती महिला भी शामिल है।
तीन एयरफोर्स और एक सीएम का हेलिकॉप्टर तैनात
बुधवार को जैसे ही मौसम साफ हुआ, सरकार और भारतीय वायुसेना ने पिछले चार दिनों से फंसे पर्यटकों को हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट करने के प्रयास तेज कर दिए। कुल्लू के उपायुक्त युनूस खान ने कहा, 'भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर और राज्य सरकार फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने के काम में लगे हुए हैं। अधिकांश को मनाली और कुल्लू शहर लाया गया है।' आईएएफ ने तीन हेलीकॉप्टर तैनात किए हैं और मुख्यमंत्री के आधिकारिक हेलीकॉप्टर का भी उपयोग हो रहा है।
रोहतांग दर्रे के पास बर्फबारी से बिगड़े हालात
इससे पहले 22 सितंबर से 24 सितंबर को बादल फटने की घटना, भारी बारिश और ऊंची जगह पर बर्फबारी से राज्य में भारी क्षति हुई। इसका सबसे ज्यादा असर कुल्लू और लाहौल-स्पीति में देखने को मिला। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने बताया, रोहतांग दर्रे के पास भारी बर्फबारी से लाहौल और स्पीति घाटी के पास बड़ी संख्या में पर्यटक प्रभावित हुए हैं। ये लोग कई दूरदराज वाली जगहों में फंसे हुए हैं। बीआरओ युद्धस्तर पर कई सड़कों से बर्फ हटाने के काम में लगा हुआ है।
Published on:
26 Sep 2018, 8:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.