scriptमुंबई में देखे गए संदिग्ध का स्केच जारी, हाई अलर्ट जारी | sketch released of mumbai suspicious | Patrika News
विविध भारत

मुंबई में देखे गए संदिग्ध का स्केच जारी, हाई अलर्ट जारी

जिन बच्चों ने आतंकियों को देखा, उनमें एक लड़का और एक लड़की है, सुरक्षा एजेंसियां संदिग्धों की तलाशी में जुटी हैं

Sep 23, 2016 / 10:00 am

Rakesh Mishra

sketch

sketch

मुंबई। महाराष्ट्र के उरण में दिखे गए संदिग्ध का स्केच जारी कर दिया गया है। यह स्केच मुंबई पुलिस ने जारी किया है। गुरुवार सुबह साढ़े छह बजे दो बच्चों द्वारा संदिग्धों को देखने का दावा किया गया था। इनमें से एक संदिग्ध का स्केच जारी किया गया है। जानकारी के मुताबिक जिन बच्चों ने आतंकियों को देखा, उनमें एक लड़का और एक लड़की है। सुरक्षा एजेंसियां संदिग्धों की तलाशी में जुटी हैं।

भारतीय नौसेना के प्रमुख पीआरओ कैप्टन डी. के. शर्मा के मुताबिक मामला प्रकाश में आने के बाद महाराष्ट्र पुलिस के साथ तलाशी अभियान चल रहा है। पश्चिम नौसेना कमान ने उरन में समूह की संदिग्ध गतिविधि देखे जाने के बाद मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे और रायगढ़ में हाई अलर्ट जारी किया है।

नौसेना तलाशी अभियान में पुलिस और तटरक्षक बल का भी सहयोग ले रही है। अधिकारियों को मिली प्रारंभिक सूचना के मुताबिक चार स्कूली छात्रों ने उरन और करन्ला इलाके में भारतीय सेना जैसी वर्दी पहने हुए लोगों के एक समूह को देखा। डीजीपी कार्यालय ने तट के पास सभी थानों को तुरंत अलर्ट जारी कर दिया। तट के पास गेटवे ऑफ इंडिया, राजभवन, बंबई हाई, भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र और अन्य बडे़ प्रतिष्ठानों सहित संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

नेवी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि छात्रों के मुताबिक उन्होंने पठान सूट जैसी ड्रेस में चार लोग देखे हैं, जो एक दूसरे से अलग ही भाषा में बात कर रहे थे। इसके साथ ही सूत्रों ने बताया कि छात्रों ने संदिग्धों को नेवल बेस के दूसरी साइड देखा था। छात्रों ने सुना था कि वे लोग बार-बार ओएनजीसी और स्कूल का नाम ले रहे थे। उरण में ओएनजीसी ऑयल रिंग है। बच्चों का कहना है कि उन लोगों के पास कुछ बंदूक जैसे दिखने वाला था। बच्चों का कहना है कि उन लोगों ने अपने चेहरे ढके हुए थे।

महाराष्ट्र के गृहराज्य मंत्री दीपक केसरकर ने एक टीवी चैनल से कहा कि लोग घबराएं नहीं, कोई भी जानकारी मिलने पर पुलिस को बताएं। लोग शांति बनाए रखें, अफवाहों पर ध्यान ना दें। सभी एजेंसियां सजग हैं।

Home / Miscellenous India / मुंबई में देखे गए संदिग्ध का स्केच जारी, हाई अलर्ट जारी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो