
ड्रग्स मामले में रिया और शौविक को दोषी पाए जाने पर 10 वर्ष की कैद और 2 लाख रुपए तक का जुर्माना हो सकता है।
नई दिल्ली। सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले में ड्रग्स कनेक्शन को लेकर आज अदालत में सुनवाई होगी। इस मामले में गिरफ्तार रिया चक्रवर्ती ( Rhea Chakraborty ), अनुज केशवानी, शौविक चक्रवती समेत अन्य की जमानत याचिका पर अदालत में सुनवाई होगी। इस बात की जानकारी सुशांत के नौकर दीपेश सावंत के वकील राजेंद्र राठौड़ ने मीडिया को दी है।
अधिवक्ता राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि बुधवार को सत्र अदालत में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ( एनसीबी ) ने ड्रग्स केस में अनुज केशवानी को छोड़कर सभी आरोपियों की न्यायिक हिरासत मांगी है। फिलहाल अनुज केशवानी को 14 सितंबर तक एनसीबी हिरासत में भेजा गया है। उन्होंने बताया कि सभी की जमानत के आवेदन की कॉपी एनसीबी को दे दी गई है।
विशेष अदालत के सामने पेश जमानत याचिका में रिया चक्रवर्ती ने कहा कि वह निर्दोष हैं। इस केस में फर्जी तरीके से फंसाया गया है। रिया ने इस बात का भी याचिका में दावा किया है कि उन्हें आरोप को स्वीकार करने के लिए जांच एजेंसी ने बाध्य किया है।
इससे पहले रिया चक्रवर्ती की जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान अभियोजन की ओर से विरोध करने पर मजिस्ट्रेट कोर्ट ने एक्ट्रेस की जमानत याचिका को खारिज कर दिया था। इस मामले में एनसीबी के सभी स्तरों के अधिकारियों की तरफ से 6 सितंबर से लेकर 8 सितंबर तक की तीन दिनों की पूछताछ के बाद रिया को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।
रिया चक्रवर्ती ने जांच एजेंसी पर सुप्रीम कोट्र की गाइडलाइंस को नहीं मानने का आरोप लगाया है। उन्होंने जमानत याचिका में बताया कि पूछताछ के दौरान एक भी महिला अधिकारी मौजूद नहीं थी।
बता दें कि ड्रग्स मामले में रिया और शौविक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है। भाई और बहन को दोषी पाए जाने पर 10 वर्ष की कैद और 2 लाख रुपए तक का जुर्माना हो सकता है।
इससे पहले रिया की जमानत याचिका खारिज होने के बाद रिया के वकील सतीश मानशिंदे ने विशेष अदालत में जमानत के लिए याचिका दाखिल की है।
रिया की याचिका पर आज सुनवाई होनी है। जहां पर जांच एजेंसी को स्पेशल कोर्ट में अपना जवाब देना होगा।
Updated on:
10 Sept 2020 10:32 am
Published on:
10 Sept 2020 10:16 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
