scriptभाजपा की बाइक रैली में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी | BJP's bike rally ignores traffic rules | Patrika News
मुंबई

भाजपा की बाइक रैली में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी

मोदी सरकार के लिए निकाली गई विजय संकल्प रैली

मुंबईMar 04, 2019 / 07:24 pm

arun Kumar

BJP's bike rally ignores traffic rules

BJP’s bike rally ignores traffic rules

मुख्यमंत्री देंवेंद्र फडणवीस और मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार ने भी की बाइक की सवारी

मुंबई.
लोकसभा चुनाव की घोषणा के ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से रविवार को मुंबई समेत पूरे देश में विजय संकल्प बाइक रैली निकाली गई। बाइक रैली के माध्यम से भाजपा ने केंद्र में एक बार फिर मोदी सरकार को लाने की अपील जनता से की है। आर्थिक राजधानी सहित समूचे महाराष्ट्र में बाइक रैली का खुमार भाजपाइयों में दिखा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार की ओर से बांद्रा में आयोजित बाइक रैली का उद्घाटन किया। खास यह कि बांद्रा में सी लिंक के पास शेलार के साथ फडणवीस ने भी बाइक की सवारी की। दूसरी तरफ कई जगहों पर बाइक रैली में ट्रैफिक नियमों की धज्जियां भी उड़ाई गईं। कई युवक बिना हेलमेट के बाइक की सवारी करते देखे गए। नियमानुसार बाइक पर दो से ज्यादा लोग नहीं बैठ सकते, लेकिन रैली में शामिल कई बाइकों पर तीन से चार लोग सवार दिखे। जिस गलती के लिए ट्रैफिक पुलिस 500 रुपए का चालान काटती है, उसी पुलिस ने रविवार को नियमों का मखौल उड़ानेवालों की अनदेखी की। उल्लेखनीय है कि मुंबई के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बाइक रैली निकाली गई। बांद्रा के बाद मुख्यमंत्री सांताक्रुज (पूर्व) के वाकोला पहुंचे, जहां उन्होंने सांसद पूनम महाजन के नेतृत्व में निकाली गई बाइक रैली का उद्घाटन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए यहां भी मुख्यमंत्री ने बाइक की सवारी की।
कहो दिल से, मोदी सरकार फिर से

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र में प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी की सरकार को पुन: लाना है। बाइक रैली में शामिल युवाओं का जोश बता रहा है कि मोदी सरकार फिर से आएगी। फडणवीस की अगुआई में “कहो दिल से, मोदी सरकार फिर से” नारा बुलंद किया गया। फडणवीस ने कहा कि ऐसा प्रधानमंत्री देश को पहले नहीं मिला था। देश की तरफ आंख दिखाने वाले पाकिस्तान को घुटनों के बल ला दिया हमारे प्रधानमंत्री ने।
हर बूथ से पांच युवा

शेलार ने कहा कि मुंबई में भाजपा पूरी ताकत के साथ विजय संकल्प को साकार करने में जुटी है। पूरा बूथ मजबूत हो चुका है। हर बूथ से पांच युवा बाइक लेकर इस रैली में शामिल हुए हैं। महानगर के सभी विधानसभा क्षेत्रों में 35 हजार से अधिक बाइक सवार रैली में शामिल हुए।

Home / Mumbai / भाजपा की बाइक रैली में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो