scriptराज्यपाल ने थपथपाई फडणवीस सरकार की पीठ | budget session of maharashtra started today | Patrika News
मुंबई

राज्यपाल ने थपथपाई फडणवीस सरकार की पीठ

महाराष्ट्र विधान मंडल का अंतरिम बजट सत्र

मुंबईFeb 25, 2019 / 09:25 pm

Nitin Bhal

राज्यपाल ने थपथपाई फडणवीस सरकार की पीठ

राज्यपाल ने थपथपाई फडणवीस सरकार की पीठ

मुंबई. राज्यपाल सी. विद्यासागर राव के अभिभाषण के साथ सोमवार से महाराष्ट्र विधान मंडल का अंतरिम बजट सत्र शुरू हो गया। विपक्षी विधायकों की नारेबाजी और बहिष्कार के बीच राज्यपाल ने फडणवीस सरकार की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार साल के दौरान सरकार ने समाज के हर वर्ग के विकास के लिए योजनाएं बनाई हैं। महाराष्ट्र में जहां एक तरफ गरीबों को घर मुहैया कराए जा रहे हैं, वहीं मूलभूत सुविधाओं के विकास के क्षेत्र में भी सरकार अच्छा काम कर रही है।
राज्यपाल ने कहा कि राज्य सरकार सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर अमल कर रही है। राज्यपाल ने कहा कि झोपड़पट्टी मुक्त शहर योजना के तहत सरकार ने 2011 तक के अपात्र एवं अवैध झोपड़ा धारकों को भी पुनर्विकास परियोजना के तहत पक्का घर देने का काम शुरू किया है। इससे मुंबई में 11 लाख झोपड़ा धारकों को लाभ मिलेगा। राज्यपाल ने कहा कि कम बारिश के चलते राज्य के ग्रामीण इलाकों में सूखे की समस्या गंभीर है। इस कारण किसान परेशान हैं। किसानों को राहत देने और सूख की समस्या से निपटने के लिए सरकार ने अनेक उपायों पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास राज्य के हर तबके और क्षेत्र के विकास का है। उन्होंने उम्मीद जताई कि साल 2025 तक महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था एक ट्रिलियन डॉलर की हो जाएगी। इससे 60 लाख नए रोजगार अवसर पैदा होंगे। एक विशेष औद्योगिक नीति के तहत सरकार 10 लाख करोड़ रुपए का निवेश आकर्षित करने जा रही है।
राज्यपाल ने बताया कि छत्रपति शिवाजी शेतकरी सम्मान योजना के अंतर्गत 51 लाख किसानों के लिए 24 हजार करोड़ रुपए की निधि मंजूर की गई है। इसमें से करीब 43 लाख किसानों के बैंक खातों में सरकार ने पैसा जमा करा दिया है। साथ ही राज्य की 151 तालुका और 268 राजस्व मंडलों में सूखा घोषित किया गया है।
बॉक्स… पुलवामा के शहीदों को श्रद्धांजलि

राज्यपाल ने हाल ही में जम्मू एवं कश्मीर के पुलवामा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि हमें भारतीय सेना की ताकत पर पूरा भरोसा है, जो न सिर्फ पुलवामा के शहीदों का बदला लेगी बल्कि आतंकवाद को भी कुचल देगी।
बॉक्स… राज्यपाल के अभिभाषण की अहम बातें

– मुंबई-नागपुर समृद्धि मार्ग के लिए भूमि अधिग्रहण का काम पूरा
– मुंबई-पुणे-नागपुर में 270 किमी मेट्रो का जाल, परियोजना 2025 तक होगी पूरी
– मुंबई में लोकल ट्रेन सेवा बेहतर बनाने के लिए 55 हजार करोड़ के एमयूटीपी-3ए प्रोजेक्ट को मंजूरी
– जेजे अस्पताल में 779 करोड़ रुपए की लागत से स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का निर्माण
– 83.72 लाख किसानों को प्रति वर्ष पांच लाख रुपए की बीमा सुरक्षा
बॉक्स.. राज्यपाल के अभिभाषण का बहिष्कार

विपक्षी दलों ने राज्यपाल के अभिभाषण का बहिष्कार किया। विधान भवन की सीढिय़ों पर विपक्ष ने प्रदर्शन किया। राज्यपाल पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का समर्थन करने का आरोप लगते हुए विपक्ष ने जम कर सरकार और राज्यपाल के खिलाफ नारेबाजी की। शायद यह पहली बार हुआ है कि विपक्ष ने राज्यपाल के अभिभाषण का बहिष्कार किया है। विपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार के काम कागजों पर ही सीमित हैं। विधान भवन के सेंट्रल हॉल में एक राज्यपाल अभिभाषण दे रहे थे, दूसरी तरफ विपक्षी विधायक बाहर सीढिय़ों पर बैठ कर गांधी हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं, जैसे नारे लगा रहे थे।

Home / Mumbai / राज्यपाल ने थपथपाई फडणवीस सरकार की पीठ

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो