
मुजफ्फरनगर. थाना खतौली कोतवाली क्षेत्र के गांव बुआड़ा में शनिवार की देर शाम एक विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे भाजपा विधायक विक्रम सैनी पर तीन लोगों ने मामूली कहासुनी के बाद पिस्टल तान दी गई। आरोप है कि विधायक पर गोली चलाने का प्रयास भी किया गया, मगर ट्रिगर न दबने के कारण वह बाल-बाल बच गए। इतना ही नहीं विधायक के पुत्र तथा उनके गनर के साथ भी दुर्व्यवहार व हाथापाई किए जाने का आरोप है। पुलिस ने इस संबंध में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को लाइसेंसी पिस्टल सहित गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी ब्राह्मण समाज से होने के कारण थाने में पहुंचे समाज के लोगों ने विधायक पर समाज के प्रति गलत शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया।
मामला थाना खतौली कोतवाली क्षेत्र के गांव बुआड़ा का है। जहां खतौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक विक्रम सैनी एक भाजपा कार्यकर्ता के यहां विवाह समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। विधायक के अनुसार, विवाह समारोह में ही उनके साथ कुछ लोग बहसबाजी करने लगे। विधायक ने बहस कर रहे तीनों लोगों से बचने का प्रयास भी किया, लेकिन देखते ही देखते आरोपियों ने विधायक पर पिस्टल तान दी। विधायक विक्रम सैनी का कहना है कि इस दौरान आरोपियों ने उन पर गोली चलाने का प्रयास भी किया, लेकिन ट्रिगर नहीं दबने के कारण वह बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना खतौली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। विधायक तथा उनके समर्थकों ने जान का खतरा बताते हुए पर्याप्त सुरक्षा की मांग की है। विधायक विक्रम सैनी ने कहा कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने इस संबंध में पुलिस विभाग को भी अवगत कराया है। उन्होंने पुलिस विभाग पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि इस मामले में विभाग से शिकायत कर दी गई है, पुलिस उचित कार्रवाई करेगी।
बता दें कि पुलिस ने आरोपी हरस्वरूप शर्मा को गिरफ्तार कर उसकी लाइसेंसी पिस्टल भी कब्जे में ले ली है। विधायक विक्रम सैनी कोतवाली पहुंचकर हरस्वरूप शर्मा, रणधीर सिंह पूर्व प्रधान व बिजेन्द्र के साथ तीन अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। इसकी जानकारी मिलते ही ब्राह्मण समाज के लोग भी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने आरोपी के समर्थन में विधायक पर गलत टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गयी कि पुलिस को बीच-बचाव के लिए आना पड़ा। इसके बाद विधायक को पुलिस ने सुरक्षित उनके घर पहुंचाया।
Published on:
24 Nov 2019, 10:10 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.