मोदी के डिजिटल इंडिया पर कॉलेज की वेबसाइट लगा रही ‘दाग’
वेबसाइट बता रही रिटायर्ड हो चुकीं सुनीता गुप्ता को महिला कॉलेज व मिर्धा कॉलेज का प्राचार्य, महिला कॉलेज का एड्रेस भी पुराना

नागौर. दुनिया भर में डिजिटल इंडिया की बात करने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपने पर प्रदेश की कॉलेजों की वेबसाइट ‘दाग’ लगा रही हैं। नागौर जिला मुख्यालय पर संचालित बीआर मिर्धा राजकीय कॉलेज व माडीबाई मिर्धा राजकीय महिला कॉलेज सहित प्रदेश की अधिकतर सरकारी कॉलेजों की वेबसाइट वर्षों से अपडेट नहीं की गई हैं। स्थिति यह है कि महिला कॉलेज को नए भवन में स्थानांतरित हुए चार साल से अधिक समय हो गया। इसके बावजूद वेबसाइट में कॉलेज का पता एसपी बंगला के पास बता रहा है। इसी प्रकार महिला कॉलेज की प्राचार्य सुनिता गुप्ता का तबादला तीन साल पहले हो गया था, लेकिन आज भी वेबसाइट पर प्राचार्य की जगह उनका नाम एवं फोटो है। इससे भी बड़ी लापरवाही यह है कि मिर्धा कॉलेज में करीब ढाई वर्ष प्राचार्य रहने के बाद सुनीता गुप्ता गत मार्च में सेवानिवृत्त हो गईं, लेकिन प्राचार्य की जगह अब भी उनका नाम व फोटो प्रदर्शित हो रहा है। ठीक यही स्थिति जिले सहित प्रदेश के ज्यादातर सरकारी कॉलेजों की है, जहां प्राचार्य बदले हुए लम्बा समय हो गया, लेकिन वेबसाइट में उनका नाम आज भी प्रदर्शित हो रहा है।
विद्यार्थियों के साथ प्राचार्य भी परेशान
वेबसाइट पर प्राचार्य के साथ मोबाइल नम्बर व पते की सही जानकारी अपडेट नहीं होने से एक ओर विद्यार्थी वर्ग भ्रमित हो रहा है, वहीं खुद प्राचार्य भी परेशान हैं। तबादला होने के बावजूद उनके मोबाइल नम्बर वेबसाइट पर प्रदर्शित होने से विद्यार्थी उन्हें फोन कर जानकारी मांगते हैं, लेकिन उनके पास झल्लाने के अलावा दूसरा कोई रास्ता नहीं है।
&मिर्धा कॉलेज की वेबसाइट अपडेट नहीं होने की जानकारी मुझे नहीं है, यदि प्राचार्य के स्थान पर सेवानिवृत्त प्राचार्य का नाम प्रदर्शित हो रहा है तो कल इसमें सुधार करवाएंगे। वैसे यह स्थिति प्रदेश में सब जगह है, मेरे पास आज भी मेड़ता व पीपाड़ सिटी से फोन आते हैं, जहां मैं पहले प्राचार्य रह चुका हूं।
एमपी बजाज, प्राचार्य, श्री बीआर मिर्धा कॉलेज, नागौर
अब पाइए अपने शहर ( Nagaur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज