जिले में गुरुवार को तीन गांवों मेंं सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
नरसिंहपुर. जिले में गुरुवार को तीन गांवों मेंं सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। एसडीएम गाडरवारा श्रृष्टि जयंत देशमुख के मार्गदर्शन में तहसील गाडरवारा के अंतर्गत पटवारी हल्का नम्बर 47 राजस्व मंडल बाबईकला के ग्राम मानेगांव में आबादी एवं सड़क मद की शासकीय भूमि के 1.222 हेक्टेयर रकबे से अतिक्रमण हटवाया गया। इस भूमि में आटा चक्की, किराना दुकानें एवं कियोस्क बनाकर 6 लोगों द्वारा अतिक्रमण किया गया था, जिसे अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। इसी तरह राजस्व निरीक्षक मंडल गाडरवारा के अंतर्गत ग्राम निवारी में अतिक्रमण के 8 प्रकरणों में 2.249 हेक्टर शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटवाकर ग्राम निवारी के सरपंच के सुपुर्द किया गया। इस दौरान 8 लोगों द्वारा किये गये अतिक्रमण को हटवाया गया। इस दौरान तहसीलदार गाडरवारा व नायब तहसीलदार चीचली, राजस्व निरीक्षक, पटवारी, कोटवार एवं पुलिस बल मौजूद था। दूसरी ओर नरसिंहपुर तहसील के मुंगवानी राजस्व मंडल के ग्राम बकौरी में राष्ट्रीय राजमार्ग से लगी हुई खसरा नम्बर 55.2 की 4 एकड़ रकबा भूमि से अतिक्रमण हटवाया गया। अतिक्रमणकर्ता द्वारा शासकीय भूमि पर भूखंड काटकर लोगों को विक्रय भी किया जा रहा था। इस दौरान नायब तहसीलदार व राजस्व विभाग का अमला मौजूद था। एसडीएम द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र में निर्मित सभी ढाबे का सर्वे कर अतिक्रमण सूची तैयार करने के निर्देश दिये गये।
एसडीएम निधि सिंह गोहल द्वारा गोटेगांव तहसील के पटवारी हल्का नम्बर 79 मंडल बरहटा ग्राम बेलखेड़ी शेढ़ के खसरा नम्बर 403/1 में से 5 हेक्टर शासकीय चरनोई भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।