जबलपुर का रहने वाला है युवक...बैग में मिले 50 लाख रुपए कैश...
नरसिंहपुर. नरसिंहपुर पुलिस ने रेलवे स्टेशन से एक युवक को 50 लाख रुपए कैश के साथ पकड़ा है। युवक बैग में नोटों की गड्डियां भरकर स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहा था इसी दौरान पुलिस ने पकड़ लिया। युवक से जब उसके पास मिले पैसों के बारे में पुलिसकर्मियों ने सवाल किए तो वो कोई संतोषप्रद जवाब नहीं दे पाया। जिसके कारण पुलिस ने पैसों को जब्त कर युवक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ करने में जुटी हुई है। युवक जबलपुर का रहने वाला है जिसे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 02 के बाहर संदिग्ध हालत में खड़े हुए पुलिस ने पकड़ा था।
50 लाख कैश के साथ युवक गिरफ्तार
अवैध गतिविधियों और असमाजिक तत्वों की धरपकड़ के लिए नरसिंहपुर में इन दिनों पुलिस अभियान चला रही है जिसके तहत रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड व शहर के होटल्स व धर्मशालाओं में अकस्मात चैकिंग की जाती है। इसी दौरान बुधवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 पर एक युवक बैग लिए हुए संदिग्ध हालत में खड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जब युवक को पकड़कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम मनोज चौधरी निवासी घमापुर चौक, बेलबाग जबलपुर बताया। पुलिस ने जब उसके बैग की तलाशी ली तो बैग खोलते ही पुलिस हैरान रह गई क्योंकि बैग पूरी तरह से नोटों से भरा हुआ था।
पुलिसकर्मियों ने पैसों के संबंध में जब युवक से पूछताछ की तो वो सही जवाब नहीं दे पाया जिसके कारण पुलिस ने पैसों को जब्त कर उसे हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ करने में जुटी हुई है। पुलिस के मुताबिक युवक के बैग से 50 लाख रुपए नकद बरामद हुए हैं, जिनके बारे में पूछने पर आरोपी मनोज ने जबलपुर के किसी कमलेश शाह उर्फ पंजू नाम के व्यक्ति के देवारा दिए जाने की बात कबूल की है। युवक मनोज ने पुलिस को बताया कि कमलेश ने पैसों से भरा बैग लेकर मुंबई जाने के लिए कहा था लेकिन इससे पहले ही नरसिंहपुर में वो पकड़ा गया।