scriptबिहार कैबिनेट में अगड़ी जातियों का दबदबा खत्म, भूमिहार से 2 तो ब्राह्मण से मात्र 1 मंत्री, यादव से सबसे अधिक 8 मंत्री | Bihar Cabinet Expansion 2022 castewise Ministers of Mahagathbandhan Government | Patrika News
राष्ट्रीय

बिहार कैबिनेट में अगड़ी जातियों का दबदबा खत्म, भूमिहार से 2 तो ब्राह्मण से मात्र 1 मंत्री, यादव से सबसे अधिक 8 मंत्री

Bihar Cabinet Expansion 2022: बिहार में महागठंधन सरकार के मंत्रिमंडल का गठन हो गया है। 31 विधायकों ने आज मंत्री पद की शपथ ले ली। बिहार की नई कैबिनेट में सवर्णों की भागीदारी कमी है, जबकि यादव जाति के मंत्रियों की संख्या बढ़ी है।

नई दिल्लीAug 16, 2022 / 03:10 pm

Prabhanshu Ranjan

bihar_ministers.jpg

Bihar Cabinet Expansion 2022 castewise Ministers of Mahagathbandhan Government

Bihar Cabinet Expansion 2022: बिहार की राजनीति में जाति का अहम रोल है। भले ही चुनावी सभाओं में विकास को सबसे बड़ा मुद्दा बताया जाता हो लेकिन असलियत में राजनीति की धुरी तो जाति ही है। उम्मीदवारों के चयन से लेकर मंत्रिमंडल के गठन तक में जाति को सबसे ज्यादा ध्यान में रखा जाता है। आज बिहार में राजद, जदयू, कांग्रेस, लेफ्ट और हम के गठजोड़ वाली महागठबंधन सरकार ने अपना पहला कैबिनेट विस्तार किया। जिसमें 31 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। खास बात यह है कि बिहार की नई सरकार से अगड़ी जातियों का दबदबा खत्म हो गया है।

बिहार की नई सरकार में सबसे बड़ी भूमिका में काबिज राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव भले ही अपने आप को ए टू जेड के नेता कहते हो लेकिन मंत्रीमंडल के गठन में उन्होंने राजद की पुरानी नीति पर ही अमल किया है। बिहार में राजद की पहचान यादव और मुस्लिम की पार्टी के रूप में रही है। मंत्रिमंडल गठन में इस बात को साफ तौर पर देखा जा सकता है।


बिहार की महागठबंधन सरकार में जिन 31 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है, उसमें सबसे अधिक यादव जाति से मंत्री बने है। यादव बिरादरी से कुल 8 विधायकों को मंत्री बनाया गया है। जिसमें राजद से सात तो जदयू से एक विधायक है। जबकि अगड़ी जातियों का दबदबा खत्म हो गया है। इस बार अगड़ी जातियों से मात्र 6 विधायक मंत्री बनाए गए हैं। जिसमें ब्राह्मण जाति से मात्र एक, भूमिहार से दो जबकि राजपूत बिरादरी से तीन विधायक शामिल है।


बिहार की पिछली एनडीए सरकार में अगड़ी जाति के मंत्रियों की संख्या 11 थी, जो महागठबंधन की सरकार में घटकर 6 पर आ गई है। जबकि एनडीए सरकार में जिस यादव जाति से मात्र दो मंत्री थे, उनकी संख्या बढ़कर अब 8 हो गई है। अगड़ी जाति के मंत्रियों में जदयू से विजय कुमार चौधरी (भूमिहार), राजद से कार्तिक मास्टर (भूमिहार), जदयू से संजय झा (ब्राह्मण), जदयू से लेशी सिंह (राजपूत), राजद से सुधाकर सिंह (राजपूत) और निर्दलीय सुमित कुमार सिंह (राजपूत) शामिल हैं।

यह भी पढ़ेंः बिहारः मंत्रियों में विभागों का बंटवारा, नीतीश के पास 5 तो तेजस्वी के पास 4 विभाग


वहीं यादव जाति के मंत्रियों की सूची देंखे तो उसमें सबसे पहले डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े पुत्र तेज प्रताप यादव, बिजेंद्र प्रसाद यादव, सुरेंद्र प्रसाद यादव, चंद्रशेखर यादव, ललित यादव, रामानंद यादव, जितेंद्र यादव शामिल हैं। ओवर ऑल में ओबीसी-ईबीसी से सबसे ज्यादा 17, दलित- 5 और मुस्लिम समुदाय से 5 विधायक मंत्री बने हैं।

Home / National News / बिहार कैबिनेट में अगड़ी जातियों का दबदबा खत्म, भूमिहार से 2 तो ब्राह्मण से मात्र 1 मंत्री, यादव से सबसे अधिक 8 मंत्री

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो