scriptभारतीयों ने दुनिया घूमने में फूंके 1.42 लाख करोड़, उच्च शिक्षा पर खर्च घटा, यहां देखें पूरी लिस्ट | Indians spent 1.42 lakh crores on travelling around the world, expenditure on higher education decreased | Patrika News
राष्ट्रीय

भारतीयों ने दुनिया घूमने में फूंके 1.42 लाख करोड़, उच्च शिक्षा पर खर्च घटा, यहां देखें पूरी लिस्ट

लिबरलाइज्ड रेमिटेंस स्कीम के तहत 2023-24 में भारतीयों ने 2.64 लाख करोड़ रुपए विदेश भेजा। भारतीयों ने 2023-24 में 17 प्रतिशत अधिक धन विदेश भेजा।

नई दिल्लीMay 23, 2024 / 10:30 am

Shaitan Prajapat

भारतीयों ने लिबरलाइज्ड रेमिटेंस स्कीम (एलआरएस) के तहत वित्त वर्ष 2023-24 में विदेश में रिकॉर्ड 31.7 अरब डॉलर यानी 2.64 लाख करोड़ रुपए खर्च किए जो पिछले साल की तुलना में 17 प्रतिशत अधिक है। वित्त वर्ष 2022-23 में यह रकम 27.1 अरब डॉलर यानी 2.25 लाख करोड़ रुपए थी। टैक्स कलेक्शन एट सोर्स (टीसीएस) लागू होने के बावजूद विदेश में खर्च में बढ़ोतरी हुई है। पिछले वित्त वर्ष भारतीयों ने सबसे अधिक 17 अरब डॉलर (1.42 लाख करोड़ रुपए) विदेश घूमने पर खर्च किए, यह पिछले वर्ष के 13.6 अरब डॉलर से 24.5 प्रतिशत अधिक है।
विदेश भेजे गए कुल पैसे (आउटवार्ड रेमिटेंस) में अकेले यात्रा पर होने वाले खर्च की हिस्सेदारी 53.6 प्रतिशत रही, जो कोरोना से पहले वर्ष 2019-20 में केवल 37 प्रतिशत थी। लेकिन विदेश में उच्च शिक्षा हासिल करने पर होने वाला खर्च वर्ष 2021-22 के बाद से घट रहा है। वित्त वर्ष 2021 में, शिक्षा के लिए रेमिटेंस 30 प्रतिशत था। वित्त वर्ष 2021-22 में यात्रा प्रतिबंध हटाए जाने के बाद यह हिस्सा गिरकर 26 प्रतिशत रह गया। वित्त वर्ष 2022-23 में शिक्षा पर खर्च पिछले वर्ष के 5.2 अरब डॉलर से घटकर 3.4 अरब डॉलर रह गया। इस कारण कुल खर्च का हिस्सा गिरकर 12 प्रतिशत रह गया। वहीं वित्त वर्ष 2023-24 में विदेश में पढ़ाई पर खर्च 3.5 अरब डॉलर पर स्थिर रहा।

रिश्तेदारों-गिफ्ट पर ज्यादा खर्च

भारतीयों ने फीस की तुलना में विदेश में रिश्तेदारों के रख-रखाव पर ज्यादा खर्च किया। इस मद में 4.6 अरब डॉलर खर्च हुए। वर्ष 2023-24 में रिस्तेदारों को विदेश में गुजारे के लिए भेजे गए पैसे और उन्हें देने वाले गिफ्ट में भी करीब 20 प्रतिशत का इजाफा हुआ। साथ ही विदेश में भारतीयों का निवेश भी बढ़ा है। हालांकि विदेश से पैसा भेजने के मामले में भारतीयों ने नया रेकॉर्ड बनाया है। भारतीयों ने वर्ष 2022-23 में विदेश से 111 अरब डॉलर भेजे, जो दुनिया में सबसे अधिक है।

विदेश में ऐसे बढ़ा भारतीयों का खर्च

वर्ष धन भेजा इजाफा
2019-20 1880 12.2 प्रतिशत
2020-21 1270 -32.4 प्रतिशत
2021-22 1960 54.3 प्रतिशत
2022-23 2710 38.2 प्रतिशत
2023-24 3170 17.0 प्रतिशत
(राशि करोड़ डॉलर में)

यात्रा पर बढ़ा खर्च, पढ़ाई पर घटा

वर्ष यात्रा गिफ्ट हायर एजुकेशन
2019-20 695.6 190.8 499.1
2020-21 329.9 158.6 383.6
2021-22 690.9 233.6 516.5
2022-23 1366.2 300.5 346.7
2023-24 1700.6 358.1 347.8
(राशि करोड़ डॉलर में)

विदेश में कितना निवेश कर रहे भारतीय

वर्ष बैंक डिपॉजिट प्रॉपटी इक्विटी
2019-20 62.33 8.64 43.14
2020-21 68.0 6.27 47.18
2021-22 83.0 11.29 74.66
2022-23 101.1 18.87 125.61
2023-24 91.65 24.26 151.10
(राशि करोड़ डॉलर में)

यह भी पढ़ें

Bank Holidays : आज से लगातार चार दिन बंद रहेंगे सभी बैंक, देखें छुट्टियों की लिस्ट


यह भी पढ़ें

फलोदी का सट्टा बाजार हुआ गर्म, बीजेपी 300 के पार, कांग्रेस को 70 सीटें भी मिलना हुआ मुश्किल


यह भी पढ़ें

मोदी को हटाने का माहौल नहीं, 300 सीटें जीत सकती है बीजेपी : पीके का दावा

Hindi News/ National News / भारतीयों ने दुनिया घूमने में फूंके 1.42 लाख करोड़, उच्च शिक्षा पर खर्च घटा, यहां देखें पूरी लिस्ट

ट्रेंडिंग वीडियो