Delhi-NCR Weather Update: भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में बताया कि आज कई राज्यों में भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। इस वजह से दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलेगा। बताया जा रहा है पश्चिमी विक्षोभ में आए बदलाव के कारण ऐसा हो रहा है।
Delhi NCR Weather Update: देश के अधिकांश राज्यों से मानसून की सम्पूर्ण विदाई हो चुकी है। अक्टूबर महीने की शुरुआत से ही लोग ठंड आने का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ में आए बदलाव के कारण मौसम का मिजाज बदलने वाला है। इसका व्यापक असर दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश या बर्फबारी होने के रूप में देखने को मिल सकता है। मौसम में आए इस बदलाव की वजह से लोगों को जल्द ही ठंड का एहसास होने वाला है। भारतीय मौसम विभाग ने बताया है कि आज देश के उत्तर पश्चिम और मध्य क्षेत्र में तेजा आंधी के साथ बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने क्या कहा?
अपने ताजा बुलेटिन में मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते, अगले 24 घंटों में मध्य पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्र में एक प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण तंत्र बनने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 15 अक्टूबर को एक नए पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के विलय की संभावना के साथ मौसम में बदलाव और तेज गति से होगी। यह नया सिस्टम आने वाले 17 अक्टूबर तक भारत के कई हिस्सों को प्रभावित करेगा।
इस दिन से तापमान में गिरावट शुरू
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 17 अक्टूबर तक जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में तेज हवा चलने के साथ भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। जिस वजह से दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उसके आसपास के मैदानी इलाकों में भी एकाएक मौसम का मिजाज बदलेगा।
वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में सोमवार (16 अक्टूबर) से भारी बारिश हो सकती है। इस कारण हिमालय से आने वाली शुष्क हवाओं के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में 17 अक्टूबर से तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी और दिल्ली NCR और उसके आसपास के इलाकों में सर्दी की शुरुआत भी होगी।
इन राज्यों में भी बारिश की संभावना
अपने ताजा अपडेट में आईएमडी ने देश के कई हिस्सों के लिए हल्की से मध्यम बारिश और कुछ इलाकों में गरज के साथ झमाझम बारिश होने का अनुमान लगाया है। जिन राज्यों में मौसम का मिजाज काफी बदल सकता है उसमें जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान शामिल है।
इसके अलावा मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की भविष्यवाणी की है। साथ ही अगले दो दिनों में यानी 16 अक्टूबर तक आईएमडी ने बताया कि बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र और अरब सागर में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी हो सकती है।