IMD ने जारी की चेतावनी
राष्ट्रीय राजधानी में बारिश के बाद मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली के साथ बहादुरगढ़, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद जैसे इलाकों में अगले कुछ घंटों में मध्यम तीव्रता की बारिश देखने को मिल सकती है। हवा की रफ्तार भी 30-50 किमी/घंटा भी रह सकती है। दिल्ली के मौसम की बात करें तो शनिवार को अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री रहा था, ये सामान्य तापमान से 3 डिग्री ज्यादा था।
दिल्ली में अचानक बदला मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक मौसम में बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के साथ-साथ कुछ वेदर सिस्टम के प्रभाव के कारण आया है। इसके अलावा 13 से 15 अप्रैल के दौरान अरब सागर से उत्तर पश्चिम भारत में नमी आने की संभावना है। इससे पहले शुक्रावार को मौसम विभाग ने कहा था कि दिल्ली में अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान मौजूदा 39 डिग्री सेल्सियस से गिरकर लगभग 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
तापमान में 4-5 डिग्री की गिरावट
क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख, कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया, ‘‘आने वाले दो दिनों में अधिकतम तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की उम्मीद है, क्योंकि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजधानी में बारिश होगी और आसमान में बादल छाए रहेंगे।’’
उन्होंने कहा कि एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के शुक्रवार देर रात तक उत्तर पश्चिम भारत में पहुंचने का अनुमान है, जो जम्मू से शुरू होगा और इसका प्रभाव 13 अप्रैल को देर रात दिल्ली पहुंचेगा और 14 अप्रैल तक जारी रहेगा। श्रीवास्तव ने बताया, ‘‘राजधानी दिल्ली में तापमान में लगभग 33 प्रतिशत तक गिरावट आएगी, आसमान में बादल छाए रहेंगे और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चलेगी।’’