scriptजगन मोहन रेड्डी जीवन भर YSRCP के अध्यक्ष बने रहेंगे, पार्टी ने बदल डाला अपना संविधान | YS Jagan Mohan Reddy elected YSRCP president for lifetime | Patrika News
राष्ट्रीय

जगन मोहन रेड्डी जीवन भर YSRCP के अध्यक्ष बने रहेंगे, पार्टी ने बदल डाला अपना संविधान

Jagan Mohan Reddy: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी को YSRCP पार्टी का जीवनभर के लिए अध्यक्ष बना दिया गया है। इसके लिए पार्टी ने अपने संविधान मविन बदलाव किया है।

Jul 09, 2022 / 07:06 pm

Mahima Pandey

YS Jagan Mohan Reddy elected YSRCP president for lifetime

YS Jagan Mohan Reddy elected YSRCP president for lifetime

आंध्र प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी ने अपने संविधान में बड़ा बदलाव करते हुए जगन मोहन रेड्डी को जीवन भर के लिए पार्टी का अध्यक्ष बना दिया है। अब जीवन भर जगन मोहन रेड्डी पार्टी के अध्यक्ष बने रहेंगे और उनके रहते हुए पार्टी के अध्यक्ष पद का चुनाव भी नहीं होगा। रेड्डी की माँ वाईएस विजयम्मा ने YSRCP से भी इस्तीफा दे दिया है और वो अपनी बेटी वाईएस शर्मिला की पार्टी ‘YRS तेलंगाना पार्टी’ के साथ हो गई हैं। उनके इस निर्णय के बाद पार्टी ने दो दिनों तक एक महत्वपूर्ण बैठक की और संविधान में बदलाव की प्रक्रिया के बाद ये घोषणा की।
पार्टी के संसदीय दल के नेता विजयसाई रेड्डी ने ये भी कहा कि वर्तमान में तेलंगाना में शर्मिला के लिए समर्थन की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, “इस समय तेलंगाना में वाईएस शर्मिला को समर्थन की जरूरत है… हमारे वर्तमान पार्टी अध्यक्ष वाईएस जगन मोहन रेड्डी को वाईएसआरसीपी का आजीवन अध्यक्ष बनाया जाएगा। इस पूर्ण अधिवेशन में एक प्रस्ताव रखा गया था।”

बता दें कि जगन मोहन रेड्डी ने मार्च 2011 में कांग्रेस से नाता तोड़ने के बाद YSRCP का गठन किया था और पार्टी अध्यक्ष का पद संभाला, जबकि उनकी मां विजयम्मा मानद अध्यक्ष रहीं। विजयम्मा ने शुक्रवार को कहा कि ‘जब जगन मोहन रेड्डी संकट में थे तो वह उनके साथ थीं और अब उनकी बेटी को उनके समर्थन की आवश्यकता है।’
यह भी पढ़ें
 

अब दक्षिण में कमल खिलाने की मिली Rajasthan Bjp नेताओं को जिम्मेदारी

विजयम्मा ने पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में कहा था, “मैं इस पार्टी से अलग होने की सोच रही हूं। शर्मिला अकेले लड़ रही हैं। राजशेखर रेड्डी की पत्नी और शर्मिला की मां के रूप में मुझे उनके साथ खड़ा होना है, ये बात मेरा दिल मुझसे कहता है।”

बता दें कि वर्ष 2023 में तेलंगाना में विधानसभा चुनाव होने हैं। शर्मिला को वहाँ पूरा समर्थन देने के लिए विजयम्मा का ये बड़ा निर्णय दिखाता है कि शर्मिला की पार्टी चुनावों में पूरा जोर लगाने की तैयारी में हैं।

Hindi News/ National News / जगन मोहन रेड्डी जीवन भर YSRCP के अध्यक्ष बने रहेंगे, पार्टी ने बदल डाला अपना संविधान

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो